
जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बोले कांग्रेस नेता तथा विधायक अजय सिंह!
Ratlam : मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक अजय सिंह के रतलाम आगमन पर शहर में राजनीतिक, सामाजिक सरगर्मी देखने को मिली। उनके नगर आगमन के अवसर पर रतलाम शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष फैयाज मंसूरी के निवास पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं परिजनों ने अजय सिंह (राहुल भैया) का पुष्पमालाओं, पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनका अभिनंदन करते हुए प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती एवं आगामी रणनीतियों को लेकर भी चर्चा की।

अपने संबोधन में अजय सिंह राहुल भैया ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करती रही है। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार बने रहने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। फैयाज मंसूरी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि रतलाम आगमन पर राहुल भैया का स्वागत करना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि राहुल भैया का राजनीतिक अनुभव और नेतृत्व कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करता है। उनके मार्गदर्शन से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह संचारित होगा। कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक वातावरण में आत्मीय मुलाकात का दौर भी चला।
परिवार के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया तथा नगर और क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक एवं विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। समारोह में मौजूद कांग्रेसजनों ने राहुल भैया के नेतृत्व और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा। कार्यकर्ताओं ने राहुल भैया के साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए और उनके स्वस्थ एवं सफल राजनीतिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर परिवार के सदस्य, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहें। स्वागत एवं सम्मान समारोह ने राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश भी दिया!





