
केंद्रीय मंत्री सिंधिया के समर्थक मंत्रियों पर टिप्पणी करने वाले विधायक पन्ना लाल शाक्य तलब,बदले सुर, कहा- हम सब एक परिवार के
भोपाल
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर टिप्पणी करने वाले भाजपा के गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तलब किया। इस दौरान अध्यक्ष के सामने उन्होंने हाल के दिनों में उनके बयानों को लेकर अपना पक्ष रखा। मुलाकात के बाद विधायक ने कहा कि भाजपा एक परिवार है और संगठन तथा कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं।
दरअसल, पन्ना लाल शाक्य की लगातार की जा रही टिप्पणियों की राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही थी। इसे लेकर पार्टी के भीतर भी विभिन्न तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। इसी बीच शाक्य ने प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा।
मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा में विधायक ने कहा कि पार्टी के भीतर किसी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा, हम सब एक परिवार हैं। भाजपा में संगठन सर्वोपरि है और कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं। मेरी प्राथमिकता हमेशा संगठन को मजबूत करना और जनता की सेवा करना रही है।
विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके बयानों को लेकर जो संदेश बाहर गया, उसे लेकर उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष अपनी बात रखी है। उन्होंने पार्टी की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि संगठन के नेतृत्व में मिलकर काम कर रहा है।





