
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति और स्थायी समिति की घोषणा, मन्दसौर संसदीय क्षेत्र से नए नेताओं कार्यकर्ताओं को नहीं मिला स्थान
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर। जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुण्यतिथि पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल ने आखिर प्रदेश सगंठन की स्थायी समिति और कार्यसमिति की घोषणा करते हुए सूची जारी कर दी। बड़े और स्थापित नेताओं को शामिल किया गया है। अनेक श्रेष्ठी जनों और उम्मीद पाले कार्यकर्ताओं और नेताओं को स्थान नहीं मिला है।
विशेष रूप से महत्वाकांक्षी नेताओं को जगह नहीं मिलने से चेहरे पर मुस्कान ग़ायब है?

बात करें संसदीय क्षेत्र मंदसौर नीमच जावरा क्षेत्र से प्रदेश कार्यसमिति में उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा के अलावा केवल दो विधायकों को डॉ राजेंद्र पाण्डेय (जावरा) और श्री ओमप्रकाश सखलेचा (जावद) को शामिल किया है। तीनाें निर्वाचित विधायक हैं मतलब संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी में संसदीय क्षेत्र से कोई भी कार्यकर्ता नहीं लिया गया। जबकि संसदीय क्षेत्र की आठ विधानसभा सीटों पर सात सीटों पर भाजपा काबिज़ है। 106 लोगों को प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किया गया है।


इधर संगठन की प्रदेश स्थायी समिति सदस्य के लिए पूर्व गृहमंत्री श्री कैलाश चावला, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री रघुनंदन शर्मा, पूर्व गृहमंत्री श्री हिम्मत कोठारी और वरिष्ठ नेता श्री तपन भौमिक सूची में शामिल किए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने स्थायी समिति में 41 नाम की सूची जारी की है।

कुल 147 नामों के साथ संभाग प्रभारी, जिले के प्रभारी, सभी मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष, प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक स्थायी आमंत्रित सदस्य होंगे। प्राप्त जानकारी अनुसार नवीन कार्यसमिति की प्रथम बैठक शीघ्र होने की संभावना है।
मंदसौर संसदीय क्षेत्र से किसी भी कार्यकर्ता को प्रदेश कार्यसमिति में जगह नहीं मिलने से निराशा हुई है और अभिलाषा रखने वाले और योग्य वरिष्ठ नेताओं ने पूछे जाने पर कोई टिप्पणी नहीं की बस इतना कहा संगठन अध्यक्ष का निर्णय है सभी को बधाई दी और चुप हो गए।

चेहरे पर निराशा भाव व्यक्त हुआ इनमें पुरुष ही नहीं महिला कार्यकर्ता भी शामिल हैं अपने नाम नहीं उजागर करते हुए दुःख और निराशा भाव व्यक्त किए हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछली प्रदेश कार्यकारिणी में संसदीय क्षेत्र से आधा दर्जन से अधिक नाम शामिल थे इस बार एक भी नहीं है।





