
पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा: प्रदेश के मुखिया ने थपथपाई जिला नेतृत्व की पीठ
चंद्रकांत अग्रवाल की रिपोर्ट
नर्मदापुरम। जिले में पहली बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की महत्वाकांक्षी पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा का सफल उपयोग करते हुए 83 वर्षीय गंभीर मरीज श्री रामसेवक टोकसे को उच्च स्तरीय उपचार के लिए नागपुर स्थित विवेक हॉस्पिटल एयरलिफ्ट किया गया। इस महत्वपूर्ण पहल के पीछे कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के अथक प्रयास, संवेदनशीलता एवं सतत मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उल्लेखनीय है कि श्री टोकसे के बीमारी के संबंध में जब श्री मिश्रा को जानकारी हुई तब उन्होंने शासन की इस जीवन रक्षक सुविधा का उपयोग किए जाने हेतु स्वास्थ विभाग की टीम को निरंतर मार्गदर्शित कर मरीज के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने हेतु समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए। उनके निरंतर मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन की त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप मरीज के लिए एयर एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मल्टी ऑर्गन फेलियर से पीड़ित मरीज को समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा उपलब्ध होने से उनके बेहतर उपचार का मार्ग प्रशस्त हुआ। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा सदैव नागरिक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। आमजन की सुविधा एवं त्वरित संवाद के उद्देश्य से उन्होंने अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर अपनी नेमप्लेट पर अंकित कराया है। साथ ही वे नियमित कार्यालयीन कार्यों के बीच भी मिलने आने वाले नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करते हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा के इस सराहनीय प्रयास को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर नर्मदापुरम जिले में पहली बार पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा के माध्यम से गंभीर मरीज को सहायता उपलब्ध कराने का उल्लेख करते हुए इस पहल की सराहना की तथा मरीज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना व्यक्त की। जिले में पहली बार इस जीवनरक्षक सेवा का सफल उपयोग प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली, त्वरित निर्णय क्षमता तथा नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को परिलक्षित करता है।





