
Mandsaur News:- नगर के अभिनंदन क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की आवश्यकता विधायक श्री जैन ने पुलिस अधीक्षक को लिखा पत्र
बढ़ते अपराध, बढ़ती आबादी और कालोनियों से अन्य थानों की दूरी को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर। क्षेत्रीय विधायक विपिन जैन ने जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना को पत्र लिखकर शहर के विस्तारित अभिनंदन क्षेत्र (पटरी पार) में पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या, लगातार हो रहे क्षेत्रीय विस्तार एवं नई कालोनियों के बन जाने से तथा नित नये अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए यहां पुलिस चौकी की स्थापना समय की आवश्यकता बन गई है।
विधायक श्री जैन ने जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना को भेजे पत्र में उल्लेख किया है कि अभिनंदन क्षेत्र एवं आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों द्वारा लंबे समय से पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की जा रही है ओर पूर्व में आश्वासन दिया गया पर अबतक स्थापित नहीं की गई है। क्षेत्र में आए दिन चोरी, मारपीट, झगड़े हत्या आदि तथा अन्य अवैध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

हर दिन छोटे बड़े अपराध घटित होने से क्षेत्र वासियों को सुरक्षा और शांति के लिए पुलिस टीम सहित चौकी आवश्यक है वर्तमान में इस क्षेत्र से संबंधित पुलिस थानों की दूरी अधिक होने के कारण समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में कठिनाई आती है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं । शनिवार को ही आरोपियों ने मिलकर एक व्यक्ति की चाकू और रॉड से हत्या कर दी इससे क्षेत्रीय नागरिकों में चिंता और असुरक्षा बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि यदि अभिनंदन क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित की जाती है तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा, पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी तथा क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
विधायक विपिन जैन ने पुलिस अधीक्षक श्री मीना से अभिनंदन क्षेत्र में शीघ्र पुलिस चौकी स्थापित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।





