WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

National e-Governance Award- 2026: मध्यप्रदेश को साइबर सुरक्षा श्रेणी का रजत पुरस्कार

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण किया

National e-Governance Award- 2026: मध्यप्रदेश को साइबर सुरक्षा श्रेणी का रजत पुरस्कार

भोपाल। मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के अंतर्गत साइबर सुरक्षा श्रेणी में प्रतिष्ठित रजत पुरस्कार प्राप्त कर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह सम्मान भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग द्वारा 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार समारोह में जयपुर में प्रदान किया गया। विभाग की ओर से आयुक्त संकेत भोंडवे ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण किया।

IMG 20260702 WA0190

यह सम्मान विभाग द्वारा विकसित एवं संचालित ई-नगरपालिका (e-Nagarpalika) प्लेटफ़ॉर्म की सुरक्षित, विश्वसनीय एवं नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं के साथ-साथ मजबूत साइबर सुरक्षा व्यवस्था, डेटा संरक्षण तथा डिजिटल प्रशासन के क्षेत्र में किए गए नवाचारपूर्ण कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकृति का प्रतीक है।

IMG 20260702 WA0191

ई-नगरपालिका आज मध्यप्रदेश में शहरी नागरिक सेवाओं का एकीकृत डिजिटल मंच है, जिसने नगरीय प्रशासन को आधुनिक, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया है। यह देश के सबसे बड़े Citizen Service Delivery Platforms में से एक है, जिसके माध्यम से प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में लाखों नागरिकों को एक ही प्लेटफ़ॉर्म पर सैकड़ों ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से नागरिक अब जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, संपत्ति कर, जलकर, भवन अनुज्ञा, व्यापार अनुज्ञा, शिकायत निवारण, ऑनलाइन भुगतान, प्रमाण-पत्र डाउनलोड सहित अनेक सेवाओं का लाभ घर बैठे प्राप्त कर रहे हैं। आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग, समयबद्ध सेवा वितरण, डिजिटल भुगतान तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली ने नागरिकों के समय और संसाधनों की बचत करते हुए उनकी सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि की है।

 

ई-नगरपालिका केवल नागरिक सेवाओं का पोर्टल नहीं, बल्कि नगरीय निकायों के लिए एक समग्र डिजिटल प्रशासनिक समाधान भी है। वित्तीय प्रबंधन, कर संग्रहण, लेखांकन, संपत्ति प्रबंधन, जल प्रदाय, भवन अनुज्ञा, शिकायत प्रबंधन तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं का एकीकृत संचालन इस प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है। इससे नगरीय निकायों की कार्यक्षमता बढ़ी है तथा निर्णय प्रक्रिया अधिक डेटा-आधारित, पारदर्शी और प्रभावी बनी है।

प्लेटफ़ॉर्म की सबसे बड़ी विशेषता इसकी मजबूत साइबर सुरक्षा संरचना है। आधुनिक क्लाउड आधारित अवसंरचना, सुरक्षित डेटा प्रबंधन, निरंतर निगरानी, जोखिम प्रबंधन तथा उन्नत सुरक्षा मानकों के कारण ई-नगरपालिका नागरिकों को सुरक्षित, निर्बाध एवं भरोसेमंद डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करा रही है। यही मजबूत साइबर सुरक्षा व्यवस्था इस राष्ट्रीय सम्मान का प्रमुख आधार रही है।

आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि विभाग ने आधुनिक तकनीकों और मजबूत साइबर सुरक्षा उपायों के माध्यम से पारदर्शी, सुरक्षित एवं विश्वसनीय डिजिटल सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। साइबर सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन और डेटा संरक्षण के लिए अपनाए गए प्रभावी मानकों ने विभाग की डिजिटल प्रणालियों को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाया है।

उन्होंने कहा कि ई-नगरपालिका ने “Ease of Living” और “Ease of Governance” की अवधारणा को वास्तविक रूप दिया है। यह प्लेटफ़ॉर्म नागरिकों और नगरीय निकायों के बीच एक सशक्त डिजिटल सेतु बनकर सेवाओं को सरल, तेज़, पारदर्शी और जवाबदेह बना रहा है तथा डिजिटल सुशासन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी विभाग नागरिकों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं अत्याधुनिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा तथा टीम भावना के साथ नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।