Attack on congress leader : पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया और विक्रांत पर पत्थरों से हमला

उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर हमले का आरोप लगाया, शिकायत की

1663

झाबुआ से श्याम त्रिवेदी की रिपोर्ट

Jhabua : प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया की कार पर आज पत्थरों से हमला हो गया। इस हमले में गाड़ी के कांच फूटने से उनकी कार का ड्रायवर घायल हो गया। ये हमला उस समय हुआ जब कांतिलाल भूरिया और विक्रांत भूरिया भगोरिया से लौट रहे थे। कांतिलाल भूरिया ने जोबट थाने में मामला दर्ज करवाया है। अलीराजपुर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष के बेटे ने भी FIR दर्ज करवाई।

इस घटना के बाद कांग्रेस की आपसी गुटबाजी सामने दिखाई दी। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष और अलीराजपुर के कांग्रेसी नेता महेश पटेल ने विक्रांत भूरिया पर अपने बेटे पुष्पराज पटेल के साथ मारपीट और एक अन्य युवक के अपहरण का आरोप लगाया। महेश पटेल का आरोप हैं कि कांतिलाल भूरिया और विक्रांत भूरिया जोबट के भगोरिया मेले में आसामाजिक तत्वों के साथ मिलकर जुलूस निकाल रहे थे।

इस दौरान हुई घटना में उनके बेटे पुष्पराज पटेल के साथ मारपीट की गई। महेश पटेल ने कांतिलाल भूरिया पर जिले में गुटबाजी फैलाने का आरोप भी लगाया है। महेश पटेल और विक्रांत भूरिया दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए एक दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायती आवेदन दिया है।

भूरिया ने प्रशासन पर आरोप लगाए
कांतिलाल भूरिया ने इस घटना को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा है कि हम थाने में शिकायत करने आए हैं। पुलिस हमें सहयोग नहीं कर रही। उन्होंने जिला प्रशासन पर हमलावरों से मिलीभगत के भी आरोप लगाए। बताया कि एक हमलावर को उनके साथ मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।

भूरिया और पटेल में पुराना विवाद
हाल ही में हुए जोबट उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार महेश पटेल के चुनाव हारे जाने के बाद उन्होंने कांतिलाल भूरिया पर सेबोटेज का आरोप लगाया था। उन्होंने हार के बाद कहा था कि कांतिलाल भूरिया ने भितरघात किया। कमलनाथ के सामने भी आरोप लगाए थे। जबकि, कांतिलाल भूरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में महेश पटेल पर टिप्पणी की थी।