Chief Minister in Pachmarhi : CM की सुबह की शुरुआत योग से हुई, पचमढ़ी के प्राकृतिक सौंदर्य सराहा

आज सुबह से बैठकों का दौर शुरू, दिनभर मंथन चलेगा

1963

Pachmarhi : मध्य प्रदेश की कैबिनेट देर रात पचमढ़ी पहुँच गई। आज विभिन्न विषयों पर मंथन होगा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सुबह की शुरुआत योग से की। उन्होंने योग करते हुए ट्वीट किया और लिखा कि योग शरीर को तो स्वस्थ रखता ही है, मन और आत्मा को भी शांति प्रदान करता है। योग करें, स्वस्थ रहें। उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में पचमढ़ी के प्राकृतिक सौंदर्य की प्रशंसा की और लिखा ‘प्रकृति की गोद में बसे पचमढ़ी की मनमोहक भोर, पक्षियों का कलरव और सतपुड़ा का नैसर्गिक सौंदर्य मन को आनंदित एवं चित्त को शांति प्रदान करने वाला है। मेरा मध्य प्रदेश बहुत निराला है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके कैबिनेट सदस्य रात करीब एक बजे पचमढ़ी पहुंचे। शिवराज सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे। वहां से वापसी में देरी होने के कारण पचमढ़ी जाने के कार्यक्रम में भी विलम्ब हुआ। रात 8.45 के बाद वे भोपाल से पचमढ़ी के लिए रवाना हुए।

पचमढ़ी में दो दिन तक जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं पर कैबिनेट मंथन करेगा। मंत्रिमंडल की बैठक पचमढ़ी की चंपक झील के किनारे हो रही है। बैठक को लेकर यहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। भोपाल से आए अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। सभी मंत्रियों के रुकने के इंतजाम चंपक बंगलों में हैं। बैठक स्थल पर अनुमति प्राप्त अधिकारियों को ही जाने दिया जाएगा।