अब खिलाड़ी बनेंगे खजुराहो संसदीय क्षेत्र की पहचान …

खजुराहो संसदीय क्षेत्र वैसे पहचान का मोहताज नहीं है। खजुराहो खुद ही वर्ल्ड हैरिटेज और चंदेलकालीन वास्तु-शिल्प और सांसारिक-आध्यात्मिक दर्शन का विश्व प्रसिद्ध स्थान है। पन्ना के हीरे विश्व में भारत की पहचान हैं। प्राणनाथजी मंदिर प्राणामियों का एक महत्वपूर्ण तीर्थ है। जुगलकिशोर मंदिर कृष्ण भक्तों की आस्था का केंद्र है। पन्ना टाइगर रिजर्व वन्यजीव प्रेमियों के आकर्षण और टाइगर पुनर्वास का प्रमुख केंद्र है।
तो कटनी जंक्शन भारत के सबसे बड़े एवं महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शनों में से एक है और यहाँ भारत का सबसे बड़ा रेल्वे यार्ड और सबसे बड़ा डीजल लोकोमोटिव शेड है। कटनी जिले में चूना, बॉक्साइट और अन्य कई महत्वपूर्ण खनिज बहुतायत मात्रा में पाए जाते हैं। और कटनी जिले की अलग-अलग विधानसभाओं में पुरातात्विक-ऐतिहासिक महत्व के कई स्थल मौजूद हैं। पर अब खजुराहो संसदीय क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र पर नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से हो, यही महत्वाकांक्षा है क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा की। उद्देश्य की पूर्ति के लिए कटनी में सोमवार को सांसद खेल महोत्सव का आगाज किया गया है।
पूर्व क्रिकेटर ईश्वर पांडे, हॉकी के नामी खिलाड़ी व कोच अशोक ध्यानचंद, लॉन्ग जंपर ओलंपियन अंकित शर्मा ने अपने अनुभवों को साझा कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया, तो खिलाड़ियों की आवश्यकतओं की पूर्ति के लिए सांसद वीडी शर्मा का ध्यान आकर्षित किया। खजुराहो संसदीय क्षेत्र का मामला था, तो मंच पर वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा भी मौजूद थे और भरोसा भी दिलाया कि खेल-खिलाड़ियों के बीच बजट की कमी बाधा नहीं बनेगी। तो सांसद वीडी शर्मा ने घोषणा कर दी कि खिलाड़ियों के लिए सभी जरूरतों को पूरा करने वाला खेल काम्प्लेक्स कटनी में निर्मित होगा।
और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े और खेलों के लिए संसाधनों को बढ़ावा देने का भरोसा दिलाया। तो अब जब मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद राजी हैं, तो उम्मीद की जा सकती है कि खजुराहो संसदीय क्षेत्र की पहचान अब खिलाड़ियों से होगी। यह खिलाड़ी खाली कटनी, पन्ना और खजुराहो-राजनगर से नहीं, बल्कि 3 जिले कटनी,पन्ना,छतरपुर की 8 विधानसभा सीट मुड़वारा, बहोरीबंद, विजयराधोगढ़, पवई, गुनौर, पन्ना, चंदला, राजनगर विधानसभाओं से निकलेंगे। यानि अब यहां के खिलाड़ी ही हीरा बनकर विश्व में चमक बिखेरेंगे। वर्ल्ड हैरिटेज खजुराहो का नाम आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों के नाम से जाना जाएगा। और कटनी का नाम खदानों से नहीं, खिलाड़ियों से पहचाना जाएगा।
खेल महोत्सव में खजुराहो संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभा की मंडल स्तर तक की टीमों के बीच मुकाबला होगा। सांसद खेल महोत्सव के जरिये खेल भावना दिलों में पोषित-पल्लवित होगी। जैसा वीडी शर्मा मानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की मंशा के अनुरूप खेलों को प्रोत्साहित करना और बच्चों को अवसर देना ,सांसद खेल महोत्सव का मकसद है। इसीलिए औपचारिक रूप से सांसद खेल महोत्सव की शुरूआत यहां की गई है। 3 जिलों की 8 विधानसभा में अलग अलग खेल होंगे। मंडल स्तर तक खो-खो, कबड्डी, मलखम, फुटबॉल, रस्साकसी, बालीवाल का मुकाबला होगा।
ताकि हर खेल के चैंपियन इस मिट्टी का मान बढ़ा सकें। खेल काम्प्लेक्स का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर होगा। तो उम्मीद करें कि अंत्योदय की तर्ज पर खेलों के महारथियों के उदय का रास्ता भी साफ होगा। यह उम्मीद तो की ही जा सकती है। साथ ही खजुराहो से शुरू होकर खेलों के महोत्सव प्रदेश की सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों में खेल-खिलाड़ियों के हमसफर बनेंगे। और फिर देश-दुनिया में मध्यप्रदेश के यह हीरे सूरज की तरह चमकेंगे। ध्यानचंद की तरह कोई हॉकी का जादूगर बन दुनिया को अचंभित करेगा, तो हर खेल के जादूगर मध्यप्रदेश से निकल विश्व पटल पर अपना परचम फहराएंगे।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।