Mission Ayodhya : संजय शुक्ला के ‘अयोध्या मिशन’ में कांग्रेस के दूसरे MLA भी शामिल!

CM की बात तो मंत्रियों ने नहीं मानी, लेकिन कांग्रेसी MLA की परंपरा जारी

714
महिला कांग्रेस की उपाध्यक्षों को तवज्जो देने बैठक हुई

Indore : कांग्रेस के दो MLA संजय शुक्ला और विशाल इंदौर के 600 लोगों के साथ शनिवार को अयोध्या यात्रा पर रवाना हो गए। यह परंपरा विधायक शुक्ला ने शुरू की, जो अनवरत जारी है।

अब इसमें देपालपुर के कांग्रेस MLA विशाल पटेल भी शामिल हो गए।

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस परंपरा से प्रेरित होकर प्रदेश के मंत्रियों को नागरिकों के साथ यात्रा पर जाने के लिए कहा था।

लेकिन, उन्होंने मुख्यमंत्री की बात नहीं मानी। अभी तक किसी मंत्री के जाने की कोई जानकारी सामने नहीं आई।

इंदौर क्षेत्र क्रमांक-1 के कांग्रेस विधायक हर महीने अपने विधानसभा क्षेत्र 1 के किसी वार्ड के 600 नागरिकों को अयोध्या की यात्रा कराते हैं। उन्होंने यह संकल्प लिया था।

इस संकल्प के तहत आज वार्ड क्रमांक 3 के 600 नागरिकों का समूह नगीन नगर से अयोध्या की यात्रा पर रवाना हुआ। एकत्र होने के बाद इन लोगों ने पूजा पाठ की फिर स्टेशन रवाना हुए।

इन्हें जुलूस के रूप में रेलवे स्टेशन ले जाया गया। रेलवे स्टेशन से इन नागरिकों के साथ इस यात्रा पर विधायक संजय शुक्ला और विधायक विशाल पटेल रवाना हुए।

अब तक जितनी भी अयोध्या यात्रा हुई, सभी विधायक शुक्ला के द्वारा आयोजित की गई है। उन सभी यात्राओं में वे नागरिकों के साथ यात्रा पर जाते हैं। अब इस परंपरा में देपालपुर क्षेत्र के विधायक विशाल पटेल भी शामिल हो गए।

इन यात्रियों को बिदा देने के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष कृपाशंकर शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ओम बंसल, केके यादव, प्रेम खड़ायता, मनजीत सिंह टुटेजा, प्रमोद द्विवेदी, अनूप शुक्ला समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।

कोई मंत्री अब तक नहीं गया

पिछले दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा प्रदेश सरकार के द्वारा आयोजित ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ की यात्रा में प्रदेश के मंत्रियों को नागरिकों के साथ जाने के लिए कहा गया था।

इन मंत्रियों ने तो मुख्यमंत्री के आदेश पर ध्यान नहीं दिया और कोई भी मंत्री यात्रा पर नहीं गए।

इसके विपरीत कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला निजी तौर पर न केवल यात्रा का आयोजन कर रहे हैं, बल्कि उस यात्रा में खुद भी पूरे समय नागरिकों के साथ मौजूद रहते हैं।