Online Game : ऑनलाइन गेम में पैसे हारा, कर्ज हो गया तो आत्महत्या कर ली

831

Indore : आजाद नगर इलाके में रहने वाले एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसे ऑनलाइन गेम की लत थी और कई बार हारने के कारण उस पर कर्ज हो गया था। इसके चलते उसने यह कदम उठाया। खुदकुशी से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक बसंत पिता देवदास पांच बहनों का इकलौता भाई था। उसे ऑनलाइन गेम ‘लूडो’ खेलने की लत थी। गेम में पैसे हारने के कारण वह तनाव में था। वह मूल रूप से महाराष्ट्र के हिंगोली का रहने वाला था और यहां अपने जीजा के यहां रहता था। सोमवार को बहन बैंक गई, तब उसने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। पुलिस के अनुसार मृतक बसंत एक निजी कंपनी में काम करता था। लेकिन, वह ऑनलाइन गेम में बहुत सा पैसा हार गया था।

सुसाइड नोट में भी उसने रुपए हारने की बात लिखी है। कुछ दिन पहले उसने अपने जीजा से 17 हजार रुपए का कर्ज होने की बात की थी। उसने अपने मालिक से रुपए लेकर किस्तों में लौटाने के लिए कहा था। मोबाइल की कॉल व अन्य डिटेल मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। जीजा पिंटू के मुताबिक बसंत की पांच बहने हैं। जिसमें से तीन इंदौर में रहती हैं। इसके साथ ही एक बहन माता-पिता के साथ महाराष्ट्र में ही रहती है। बसंत के पिता किसान हैं। करीब एक साल से वह अपनी दीदी और जीजा के साथ इंदौर में रह रहा था।