Sikh Controversy : सिखों पर टिप्पणी को लेकर किरण बेदी फंसी, जानिए क्या है मामला!

SGPC ने उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी

789

Chandigarh : पूर्व IPS अधिकारी और राज्यपाल रही किरण बेदी इन दिनों अपने एक बयान को लेकर विवादों में फंस गई। सोमवार को चेन्नई में एक पुस्तक के विमोचन के दौरान किरण बेदी ने सिखों को लेकर एक ’12 बजे’ वाला जोक बोला था। इसके बाद उनकी आलोचना होने लगी। अब उनकी टिप्पणी की शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने भी निंदा की है। साथ ही उनके खिलाफ कोर्ट जाने की बात कही है।

किरण बेदी को सिख इतिहास पढ़ने की सलाह देते हुए SGPC के प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि सिखों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए SGPC उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि किरण बेदी को सिख इतिहास पढ़ना चाहिए कि कैसे सिखों ने अब्दाली के शासन के समय 12 बजे आक्रमणकारियों को रोका।

उनकी टिप्पणी वाला वीडियो तेजी से वायरल हो गया, उसके बाद विवाद हुआ। पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी इस मुद्दे को हाथों हाथ लपक लिया और किरण बेदी पर हमला बोला। ‘आप’ ने कहा कि किरण बेदी की यह टिप्पणी सिखों का मजाक उड़ाने जैसा है और यह शर्मिंदा करने वाली बात है।

हालांकि, विवाद को बढ़ता देख किरण बेदी ने माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि मैं सिख समुदाय का बहुत सम्मान करती हूं। मैं गुरु नानक देव जी की भक्त हूं। मैंने जो कुछ भी कहा था, उसे गलत तरीके से न समझा जाए। मैं माफी मांगती हूं। मैं सेवा और दयालुता में यकीन रखती हूं। कृपया मेरी मंशा पर किसी भी तरह का संदेह न रखें। बता दें कि किरण बेदी दिल्ली का विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं और भाजपा ने उन्हें सीएम कैंडिडेट बनाया था।