Who Is The Next Vice President : उपराष्ट्रपति के लिए शिवराज सिंह का नाम चौंकाने वाला!

अमरिंदर सिंह और मुख्तार अब्बास नकवी के नाम भी NDA की तरफ से चर्चा में

3156

New Delhi : राष्ट्रपति चुनाव का उम्मीदवार तय होने के बाद अब उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम को लेकर हलचल है। लेकिन, NDA किसे अपना उम्मीदवार बनाता है, यह अभी तय नहीं! लेकिन, सामने तीन नाम आए हैं। एक है पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का जिन्हें NDA उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाने की तैयारी कर रही है। इसके बाद अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के नाम पर भी चर्चा चल रही है। लेकिन, सबसे चौंकाने वाला नाम है मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का। शुरू के दो नामों के पीछे राजनीतिक कारण साफ़ नजर आते हैं, पर शिवराज सिंह का नाम कैसे और क्यों चर्चा में आया, ये अभी स्पष्ट नहीं हुआ। उपराष्ट्रपति पद का चुनाव 6 अगस्त को होगा।

कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाम पर चर्चा सबसे ज्यादा गरम है। उपराष्ट्रपति पद के लिए तीन-चार नामों पर चर्चा चल रही है, जिसमें कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम सबसे आगे है। मुख्तार अब्बास नकवी के नाम के पीछे उनका अल्पसंख्यक होना है। भाजपा के पास अभी लोकसभा और राज्यसभा में कोई मुस्लिम सांसद नहीं है और इस कमी को बैलेंस करने के लिए मुख्तार अब्बास नकवी का नाम चर्चा में आया है। लेकिन, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम एकदम नया है। लेकिन, किसका नाम फ़ाइनल भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व और संसदीय बोर्ड ही अंतिम मुहर लगाएगा।

बताया गया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह किसी ऑपरेशन के लिए फिलहाल लंदन में हैं। उनके एक करीबी का कहना है कि इस बारे में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई, न उन्हें इस तरह का ऐसा कोई प्रस्ताव मिला है कि उन्हें उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जा रहा है। इस बात की भी चर्चा हो रही है कि उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को ही दूसरा कार्यकाल दिया जाए। लेकिन, अभी तक इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़कर अपनी नई पार्टी ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ का गठन किया था क्योंकि कांग्रेस ने उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने हाल ही में भाजपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा।

यह तय है कि NDA उम्मीदवार को ही उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत मिलेगी। क्योंकि, लोकसभा में भाजपा के प्रचंड बहुमत है, जबकि राज्यसभा में पार्टी सबसे बड़ी पार्टी है और उसके पास 90 सांसद हैं। पिछले चुनाव की बात करें तो 2017 में विपक्ष ने गोपालकृष्ण गांधी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे, उन्हें सिर्फ 244 वोट मिले थे। जबकि, वेंकैया नायडू को 516 वोट मिले थे।