Burhanpur Hospital : आखिर हॉस्पिटल में देर रात ये क्या हो रहा, महिला मरीजों ने क्या शिकायत की!

969

Burhanpur : मध्यप्रदेश के निमाड़ इलाके के बुरहानपुर में एक अजीब तरह की शिकायत सामने आई है। शिकायत के मुताबिक, जिला अस्पताल में एक अज्ञात युवक देर रात आता है और महिला मरीज़ों से छेड़छाड़ करके भाग जाता है। पिछले दिनों कई मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से छेड़छाड़ की शिकायत की थी।

बुरहानपुर में एक अज्ञात युवक जिला अस्पताल के अंदर देर रात छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दे कर गायब हो जाता। यह युवक जिला अस्पताल के महिला वार्ड में आधी रात के बाद पहुंचकर महिला मरीजों के साथ छेड़छाड़ कर उनके शरीर को छू कर पूछता है कि ठीक लग रहा है या नहीं। अस्पताल में भर्ती कई महिला मरीजों ने शिकायत की, तो अस्पताल प्रबंधन ने अब FIR दर्ज कराने की बात कही। मरीजों का कहना है कि रात को आसामाजिक तत्व अस्पताल में आकर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं और अश्लील बात करते हैं।

 

बुरहानपुर जिला अस्पताल में पिछले कुछ समय से अक्सर महिला मरीज रात में छेड़छाड़ की शिकायत करती हैं। बताया जा रहा है कि यह अज्ञात शख्स 11 बजे के बाद 2 बजे की बीच अस्पताल में घुस जाता और महिला मरीजों के साथ छेड़छाड़ करता है। शिकायत करने पर महिला कर्मचारी ने एक युवक को पकड़ा, लेकिन वह भाग निकला। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि देर रात इस तरह की घटना होती है।

बताया जा रहा है कि शख्स महिला मरीजों के साथ रुके पुरुष तीमारदारों को वार्ड से बाहर कर देता है और खुद अंदर जाकर महिला मरीजों के शरीर को छू कर पूछता है कि ठीक लग रहा है या नहीं। कुछ समय पहले भी जिला अस्पताल में छेड़छाड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। विरोध और शिकायत करने के बाद मामला थम गया था। लेकिन, एक बार फिर से महिला मरीजों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप मोजेश ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में भी आया है। हमने सुरक्षा के लिए इंतजाम किए हैं। साथ ही मामले की जांच कर पता लगा रहे हैं कि कौन वार्ड में गया था। FIR दर्ज की जाएगी।