Dixit Massacre : अनिल दीक्षित की हत्या मामले में FIR कराने वाले को धमकाया

1107

Dixit Massacre : अनिल दीक्षित की हत्या मामले में FIR कराने वाले को धमकाया

Indore : अनिल दीक्षित हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है। उधर, इस मामले में अब नया मोड़ आ गया है। बदमाशों ने अब मामले में एफआईआर दर्ज करवाने वाले युवक को जान से मारने की धमकी दी है। ऑनलाइन फरियादी की मां को धमकाया गया।

मामला मल्हारगंज थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस ने बताया कि फरियादी रामकरण यादव निवासी पीलियाखाल की शिकायत पर आरोपी शानू सागर और बिट्टू गौड़ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रामकरण ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे जितेंद्र ने हीरानगर थाने में अनिल दीक्षित हत्याकांड के मामले में प्रकरण दर्ज करवाया है। दरअसल जितेंद्र यादव मामले का चश्मदीद गवाह है।

गोली कांड के समय अनिल दीक्षित के साथ वहां मौजूद था। अनिल दीक्षित के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जितेंद्र गया हुआ था। उसी दौरान जितेंद्र की मां के फोन पर उसके फेसबुक आईडी पर बिट्टू गौड़ की फेसबुक आईडी से वीडियो कॉल आया। उसमें शानू सागर ने यह कहकर धमकी दी कि अनिल दीक्षित मर्डर केस में उसके मामा राजेश चौहान और अन्य के नाम क्यों लिखवाए गए हैं। अगर यह नाम नहीं हटवाए गए तो वह जितेंद्र को भी मार देगा।

 

खुलेआम गोली मारी

हीरा नगर इलाके में मंगलवार रात बदमाश अनिल दीक्षित को गोली मार दी गई थी, जिसकी उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान पुलिस ने कर ली है और उनके खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि 15 दिन पहले अनिल दीक्षित गुट ने दूसरे आरोपी गुट के साथ मारपीट की थी। तभी दूसरा गुट ने अनिल पर हमले की योजना तैयार कर ली थी।

बताया जाता है कि अनिल को गोली मारने वालों में शानू सागर, राजेश चौहान और उसके साथी सीके के नाम सामने आए हैं। शानू और अनिल दीक्षित गुट में लंबे समय से वर्चस्व को लेकर झगड़ा चल रहा है। कुछ दिन पहले ही अनिल दीक्षित और उसके साथियों ने भी शानू के साथ मारपीट की थी। मंगलवार को शाम जैसे ही अनिल हीरानगर के मर्थोमा स्कूल के समीप दिखा, शूटरों ने उसके सिर में गोली मारी और मौके से फरार हो गए थे। हमलावर गुट 15 दिन से अनिल की रेकी कर रहा था।