Thoughts of Mayor Candidates : कोई भी जीते शहर की जनता कभी नहीं हारेगी, हम मिलकर काम करेंगे!

मतगणना से पहले महापौर प्रत्याशियों ने मीडिया के सामने कही मन की बात

1168

Thoughts of Mayor Candidates : कोई भी जीते शहर की जनता कभी नहीं हारेगी, हम मिलकर काम करेंगे!

Indore : मतगणना की पूर्व संध्या पर दोनों प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवारों भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव और कांग्रेस के संजय शुक्ला ने स्टेट क्लब के कार्यक्रम आमने-सामने में अपने मन की बात कही! पुष्यमित्र भार्गव ने शहर की यातायात समस्या के हल को प्राथमिकता माना और कहा कि शहर का विकास 2050 के मुताबिक होना चाहिए! जबकि, संजय शुक्ला का कहना था कि 20 साल में भी भाजपा शहर का विकास नहीं कर सकी! शहर की समस्याओं के निराकरण में 5 साल भी कम पड़ेंगे!

महापौर पद के दोनों उम्मीदवारों ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम चाहे जो आए, लेकिन इंदौर शहर की जनता कभी नहीं हारेगी। दोनों प्रत्याशियों ने परिणाम आने के बाद एक-दूसरे के साथ मिलकर शहर को विकास की राह पर अग्रसर करेंगे।

इस कार्यक्रम में दोनों प्रत्याशियों ने जनसंपर्क के दौरान के अपने अनुभव साझा किए। साथ ही चुनाव परिणाम के बाद शहर के विकास की दिशा पर विचार व्यक्त किए। पहले अपनी बात रखते हुए भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर की यातायात की समस्या का समाधान सबसे पहली जरूरत है। हमे 2050 की आवश्यकताओं की पूर्ति करने वाला इंदौर तैयार करना है। इस शहर को रोजगार के लिए ब्रांड एम्बेसडर सिटी के रूप में विकसित करना है। हमारा शहर नई ऊर्जा, नई शक्ति के साथ विकास की नई गाथा लिखने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता इस बात की है कि हम इंदौरी भाव बनाकर रखें। इस जनसंपर्क के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि हम यदि सौम्यता, सद्भाव व प्रेम से अपनी बात रखें तो सभी सहयोग करने के लिए तत्पर रहते हैं। हमेशा से हमारी यही चाहत रही है कि देश, प्रदेश या नगर निगम का जो भी चुनाव हो वह मुद्दों पर लड़ा जाए।

शहर की जनसमस्या की चर्चा करते हुए भार्गव ने कहा कि नर्मदा के तीन चरण के माध्यम से पानी की पर्याप्त व्यवस्था हो गई है। अब जरूरत वितरण की व्यवस्था को सुधारने की है। इसके साथ ही हमें पानी के प्राकृतिक स्रोतों का उपयोग करते हुए अपनी आवश्यकता की पूर्ति का जल प्राप्त करना चाहिए, इसके लिए जन-जागरण के अभियान की आवश्यकता है। इंदौर की जनता ने स्वच्छता के लिए जिस तरह से काम किया है वैसा ही काम यातायात के लिए भी किए जाने की जरूरत है।

भार्गव ने यह भी कहा : सिटी बस सेवा का लोक परिवहन के रूप में विस्तार किया जाना चाहिए। रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था को हमें मजबूत बनाना होगा। नई पीढ़ी में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए पुलिस को सख्ती करनी होगी।

 

भाजपा ने 20 साल में कुछ नहीं किया

कांग्रेस के महापौर पद के प्रत्याशी संजय शुक्ला ने कहा कि पिछले बीस सालों से नगर निगम में भाजपा की परिषद है। इस परिषद के द्वारा क्या और कैसा विकास किया गया है उसका नजारा जनसंपर्क अभियान के दौरान मैंने देखा। सारे शहर में समस्याएं इतनी ज्यादा फैली हुई हैं कि मुझे नहीं लगता कि महापौर पद का चुनाव जीतने के बाद पांच साल में, मैं इन सभी समस्याओं का समाधान कर सकूंगा।

उन्होंने कहा कि शहर की यातायात की समस्या का समाधान करने का वादा तो भाजपा 20 सालों से हर घोषणा पत्र में कर रही है लेकिन समाधान आज तक नहीं हुआ। यह चुनाव हमारा घर-परिवार का चुनाव था, शहर के मुद्दों का चुनाव था। इस चुनाव में मुझे जनता का बहुत प्यार मिला। इतना प्यार मिला कि उसने मुझे भावुक कर दिया। चुनाव प्रचार के अभियान के दौरान सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज की समस्याओं की भयावह स्थिति को मैंने देखा उसके बाद मुझे इस बात की चिंता हुई कि इन सारे हालात को मैं कैसे ठीक कर पाऊंगा।

शहर में नाला टेपिंग होने के बाद मात्र 3 इंच पानी में शहर की सड़कें लबालब हो जाती हैं, जबकि पहले ऐसा नहीं होता था। इस स्थिति को सुधारने की जरूरत है। मेरे पास 18 वर्ष का राजनैतिक अनुभव है। इस अनुभव के आधार पर मैं काम करूंगा। सुपर कोरिडोर पर आईटी कम्पनियों को निर्माण करने के लिए नगर निगम नक़्शे मंजूर नहीं कर रहा है। राज्य सरकार को इंदौर से 30 प्रतिशत राजस्व मिलता है। लेकिन, केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा इंदौर के अधिकार का पैसा इंदौर को नहीं दिया जा रहा। भोपाल और दिल्ली में भाजपा की सरकार है इसके बाद भी यह पैसा नहीं आ रहा है।

IMG 20220716 WA0065

 

उन्होंने कहा कि इंदौर के अधिकार का पैसा जब इंदौर को मिलेगा, तभी यह शहर विकास की राह पर दौड़ सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में इंदौर की सफलता यहाँ के नागरिकों, सफाईकर्मियों तथा अधिकारियों के परिश्रम का परिणाम है। स्वच्छता में सबसे ज्यादा कर इंदौर के लोगों से लिया जा रहा है।

संजय शुक्ला ने कहा कि जो भी जीतेगा हम मिलकर काम करेंगे। इस चुनाव में मात्र 60 प्रतिशत मतदान होना दोनों पार्टियों की नाकामी है। मैं तीन महीने में पांच ब्रिज का निर्माण शुरू करवा दूंगा।

प्रारम्भ में अतिथियों को पुष्प गुच्छ, गीता पुस्तक एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण कुमार खारीवाल ने किया। आभार नवनीत शुक्ला ने व्यक्त किया।