Ponds Overflow : एक बारिश से शहर तरबतर, सभी तालाब लबालब! 

30 इंच से ज्यादा बारिश से अधिकांश तालाब ओवरफ्लो

784

Ponds Overflow : एक बारिश से शहर तरबतर, सभी तालाब लबालब! 

Indore : मंगलवार रातभर हुई तेज बारिश के बाद बुधवार सुबह शहर के सभी बड़े तालाबों का जलस्तर बढ़ गया। नगर निगम से बुधवार सुबह जारी किए गए तालाबों के लेबल के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 19 फिट क्षमता वाले शहर के सबसे बड़े यशवंत सागर का जल स्तर साढ़े 19 फिट तक पहुंच गया। लगातार बारिश होने से यशवंत सागर के तीन गेट खोले गए।

जल कार्य समिति के पूर्व प्रभारी बलराम वर्मा ने तालाबों की ताजा स्थिति जारी करते हुए बताया कि यशवंत सागर का एक गेट रात को 12:30 बजे खोला गया। इसके बाद जब पानी का फ्लो कम नहीं हुआ तो दूसरा गेट रात करीब 3 बजे खोला गया। उन्होंने बताया कि रातभर हुई बारिश के चलते सुबह साढ़े 6 बजे तीसरा गेट खोला गया। दोपहर लगभग 12 बजे तक सभी गेट चालू रहे। यशवंत सागर में पानी का लेवल 19 .5 फीट से ज्यादा हो गया है।

शहर में जिस तरह से बारिश हो रही है उसको देखते हुए यशवंत सागर पर निगम की पूरी नजर है। तालाब में पानी का स्तर बढ़ता जा रहा है। स्थिति बिगड़ी तो एक-दो गेट और खोले जा सकते है। लगातार बारिश से शहर के सभी तालाब पूरी तरह भर गए है। बड़ा बिलावली और सिरपुर तालाब भी क्षमता से आधे से ज्यादा तक भरा गए हैं।

यशवंत सागर से टंकियां भराती 

बलराम वर्मा ने बताया कि पश्चिमी क्षेत्र की प्यास बुझाने वाला यशवंत सागर तालाब शहर की जल प्रदाय व्यवस्था संभालने के लिए बहुत जरूरी है। क्योंकि, उससे 8 टंकियां प्रतिदिन भरी जाती हैं। इसलिए तालाबों का लबालब रहना भी जरूरी है। इसी प्रकार अन्य छोटे तालाबों में भरे पानी से आसपास के बोरिंग का जलस्तर बरकरार रहता है।

तालाबों का ताजा लेबल 

यशवंत सागर की क्षमता 19 फ़ीट पानी है, जबकि अभी की स्थिति में साढ़े 19 फ़ीट पानी है। बड़ी बिलावली की क्षमता 34 फ़ीट है, इसमें 29 फ़ीट पानी आ गया। छोटी बिलावली तालाब की क्षमता 12 फ़ीट है और वर्तमान स्थिति में इसमें 9 फ़ीट पानी है। बड़ा सिरपुर तालाब की क्षमता 16 फ़ीट है और वर्तमान स्थिति में 17.8 फ़ीट पानी भरा हुआ है। छोटा सिरपुर की क्षमता 14 फ़ीट इसमें वर्तमान स्थिति में 15.7 फ़ीट पानी आ गया।

पिपलियापाला की पानी भराव क्षमता 22 फ़ीट है और इसमें वर्तमान स्थिति में 22 फ़ीट पानी भरा हुआ है। जबकि, लिम्बोदी तालाब की क्षमता 16 फ़ीट है और इसमें वर्तमान स्थिति में 14 पानी आ गया।

सवा 4 इंच बारिश दर्ज

एयरपोर्ट के मौसम केंद्र पर इस मानसून सीजन में अब तक 779.7 मिलीमीटर (30.6 इंच) वर्षा दर्ज की गई। इसी प्रकार शहर में बीती रात से लगातार हो रही बारिश से परेशानियां भी बढ़ गई। गत शाम 6 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ, जो सुबह तक निरंतर रिमझिम और तेज बारिश के साथ चलता रहा। बताया गया है बीते 24 घंटे में शहर में सवा चार इंच बारिश हुई।