Mandsaur News – जिले में व्यापक वर्षा से जनजीवन प्रभावित

निचली बस्तियों में जलभराव - कई सड़कों पर आवागमन बाधित - शिक्षण संस्थाओं में रहा अवकाश

मंदसौर से डॉ. घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। लगातार दो दिनों से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक बरसात होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार को भी वर्षा का दौर जारी रहा।

जहां बरसात से जिले के नदी-नाले, खाल-तालाबों में बाढ़ का पानी उफ़ान पर है तो शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की निचली बस्तियों में जलभराव से सैंकड़ों परिवारों को परेशानी हो रही है। प्रांतीय राजमार्ग सहित जिले के सम्पर्क सड़क मार्ग की पुलियाओं और रपट पर पानी के तेज़ बहाव से आवागमन बाधित हुआ है। कई घंटों से यातायात अवरुद्ध है।

मंदसौर नगर के अशोकनगर, खानपुरा, शनिविहार, मदारपुरा, हजारी रोड़, हाफ़िज़ कॉलोनी के पीछे, धानमंडी, पतासी गली, न्यायालय पहुंच मार्ग, शुक्ला चौक, उतारा एरिया, सिंधु महल मार्ग, पशुपतिनाथ मार्ग आदि में जलजमाव हो गया है।

WhatsApp Image 2022 08 23 at 2.42.58 PM

आठ दिन में दूसरी बार प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में शिवना नदी की बाढ़ ने प्रवेश किया और अष्टमुखी प्रतिमा जलमग्न हो गई। छोटी पुलियाओं पर 5 से 7 फीट पानी है।

कुछ स्थानों पर पीड़ित प्रभावित परिवारों ने अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। जिले के रुनिजा, बोलिया, सीतामऊ, भानपुरा, बसई, नारायणगढ़, फतेहगढ़, हरिपुरा, चंदवासा, संजीत, सुवासरा सहित कई स्थानों पर भारी वर्षा से समस्या हुई है। लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया, पशुओं को भी हटाया गया।

पुरानी बस्ती के कच्चे मकानों को नुकसान हुआ है। मिट्टी गोबर की दीवारें धंस गई है। किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

WhatsApp Image 2022 08 23 at 2.42.59 PM

पिछले 24 घंटों में जिला मुख्यालय पर 5 इंच, भानपुरा में 8 इंच बरसात दर्ज़ हुई है। जिले में सभी क्षेत्रों में 4 इंच से अधिक वर्षा हुई है। रिकॉर्ड के अनुसार जिले में ओसत वर्षा 32 इंच हुई है जो वार्षिक बरसात के आसपास है।

गांधीसागर चम्बल में जलस्तर बढ़ने से सभी क्रेस्ट एवं सलूस गेट खोले गए हैं जहां से जलनिकासी हो रही, अपस्ट्रीम कैचमेंट एरिये में पानी की आवक अधिक है वहीं डाउन स्ट्रीम एरिये में जलनिकासी से खेतों में नदी का पानी घुस रहा है।

जानकारी के मुताबिक चंबल कैचमेंट में 9 लाख क्यूसेक पानी की आवक है वहीं लगभग साढ़े चार लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। डेम जलस्तर भी 1308 फीट बताया गया है।

WhatsApp Image 2022 08 23 at 2.43.00 PM

प्रशासन, जलसंसाधन विभाग, चम्बल डेम प्रबंधन कॉर्डिनेट कर बांध का लेवल मेंटेन कर रहे हैं।
लगातार बरसात से प्रभावित स्थितियों के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी आर एल कारपेंटर ने जिले की समस्त शासकीय / अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में मंगलवार को पूर्ण अवकाश के निर्देश दिये हैं।

WhatsApp Image 2022 08 23 at 2.43.00 PM 1

मंदसौर विधायक यशपालसिंह सिसोदिया, नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, उपाध्यक्ष नम्रता चावला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवकृष्ण पाटिल, पार्षद पिंकी कमलेश सोनी, एसडीएम बिहारीसिंह, सीएमओ, टी आई अमित सोनी सहित अन्य ने डूब प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण किया और उपयुक्त व्यवस्था के निर्देश दिये।

WhatsApp Image 2022 08 23 at 2.43.01 PM 1

केंद्रीय जल आयोग चम्बल मण्डल ने मंगलवार सुबह शिवना नदी के जलस्तर को लेकर फ्लड एडवाइजरी जारी की है। शिवना नदी का स्तर ख़तरे के निशान से ऊपर चल रहा है वर्षा की आगामी चेतावनी को ध्यान में रखकर इंतजाम किये जाएँ।

WhatsApp Image 2022 08 23 at 2.43.02 PM
रेतम, चंबल, शिवना, कंठाली, तुम्बड़, रेवा सभी नदियों में जलस्तर बढ़ने से सभी क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। खेतों में पानी भर जाने से खड़ी फसलों के नुकसान की आशंका किसानों को सताने लगी है।