आधार से बैंक खाते लिंक नहीं किए तो समर्थन मूल्य पर अनाज बेचने के लिए स्लाट बुक नहीं कर पाएंगे 90 हजार किसान

463

आधार से बैंक खाते लिंक नहीं किए तो समर्थन मूल्य पर अनाज बेचने के लिए स्लाट बुक नहीं कर पाएंगे 90 हजार किसान

भोपाल
प्रदेश के 90 हजार किसानों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं है। जब तक वे अपने खाते आधार से लिंक नहीं कराएंगे तब तक वे इस बार धान उपार्जन के लिए स्लाट बुक नहीं करा पाएंगे। पिछले साल बिना आधार से लिंक कराए बैंक खाते उपार्जन के लिए देने के कारण किसानों को एक से डेढ़ माह में भुगतान हुआ था। इसको देखते हुए इस बार राज्य सरकार ने ऐसे सभी किसानों को पंद्रह दिन का मौका दिया है कि वे अपने बैंक खाते आधार से लिंक कराते हुए उनकी जानकारी इस बार स्लाट बुक कराने के लिए दे।
प्रदेश में साढ़े सात लाख किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार, बाजरा बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इनमें से से छह लाख साठ हजार किसानों के बैंक खातों का वेरीफिकेशन हो चुका है। इनके बैंक खाते में अब अनाज खरीदी के तीन दिन के भीतर राशि पहुंच जाएगी। किसानों के बैंक खातों के वेरीफिकेशन के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस बार पंजीयन कराने वाले सभी किसानों के बैंक खातों में एक रुपए भेजे थे। इनमें से 90 हजार किसान ऐसे है जिनके बैंक ख्रातों में राशि नहीं पहुंची और रुपए वापस आ गए। इसलिए इस बार स्लाट बुक कराने के लिए यह व्यवस्था की है कि जिन किसानों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं है उन्हें स्लाट बुकिंग करते समय ही यह संदेश नजर आएगा कि उनके बैंक खाते आधार से लिंक नहीं है। पहले बैंक खाते आधार से लिंक कराए इसके बाद ही वे स्लाट बुक करा पाएंगे।
प्रदेश में इस बार 28 नवंबर से 16 जनवरी 2023 के बीच धन उपार्जन होना है। मोटे अनाज ज्वार और बाजरा का उपार्जन एक दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच किया जाना है। इस बार राज्य सरकार ने प्रदेश में धान उपार्जन के लिए2040 रुपए प्रति क्विंटल रेट तय किया है ज्वार के लिए 2 हजार 970 और बाजरा की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए 2 हजार 350 रुपए कीमत तय की है। इस बार प्रदेश में 45 लाख मीट्रिक टन धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी का लक्ष्य है। इसके अलावा 32 हजार मीट्रिक टन ज्वार और 27 हजार मीट्रिक टन बाजरा की समर्थन मूल्य पर खरीदी का लक्ष्य है। प्रदेश के सभी पांचायत कार्यालय, उपार्जन केन्द्र और मोबाइल एप्लीकेशन से नि:शुल्क स्लाट बुकिंग कराई जा सकती है। बाकी लोक सेवा केन्द्र, एमपी आॅनलाईन, सीएसके कियोस्क और इंटरनेट कैफे से दस रुपए शुल्क देकर स्लाट बुक कराया जा सकेगा।