Gujarat Exit Poll : सभी एग्जिट पोल में BJP को बहुमत मिलने के संकेत

कांग्रेस की सीटें घटेंगी, AAP तीसरी बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी

1381

Gujarat Exit Poll : सभी एग्जिट पोल में BJP को बहुमत मिलने के संकेत

Gandhinagar : आज आए अधिकांश एग्जिट पोल में बीजेपी के सत्ता में वापसी के साफ़ संकेत हैं। यहां 182 सीटों पर मतदान हुआ, वहीं पहले चरण में लगभग 63.31% मतदान हुआ। राज्य में बहुमत की सरकार बनाने के लिए 92 सीटों की जरूरत होगी। गुजरात में दो चरणों में मतदान हुआ है। इनमें से पहले चरण में 19 जिलों की 89 और दूसरे चरण में गुजरात के 14 जिलों की 93 सीटों पर आज दूसरे चरण का मतदान हुआ है।
पिछले 27 सालों से भारतीय जनता पार्टी गुजरात की सत्ता में काबिज है। आम तौर पर राज्य में भाजपा और कांग्रेस ही मुख्य रूप से लड़ाई में होती थी, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी ने राज्य में चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। पिछले कई महीनों से आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बेहद आक्रामक होकर राज्य में प्रचार किया है।
‘जन की बात’ ने अपने एग्जिट पोल में दावा किया कि गुजरात में भाजपा 117 से 140 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस को वहां 35 से 51 सीटें मिल सकती है। वहीं, यहां आम आदमी पार्टी को 6 से 13 सीटें मिलने का अनुमान हैं।
‘टीवी-9’ ऑन द स्पॉट ने गुजरात में 9100 लोगों से बात की। इसमें दावा किया गया है कि गुजरात में फिर से भाजपा की सरकार बन रही है। भाजपा को 128 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में 45 सीटें जा सकती हैं। इस बार पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। आप को केवल चार सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में 5 से 7 सीटें जीत सकती हैं।
रिपब्लिक पी-मार्क्यू ने सर्वे के बाद अपने एग्जिट पोल में दावा किया है कि गुजरात में भाजपा को 128 से 148 सीटें और कांग्रेस को 30 से 42 सीटें मिल सकती हैं। आम आदमी पार्टी को 2 से 10 सीटें ही मिलने की उम्मीद है। वहीं अन्य को 3 सीट मिल सकती है। जबकि, न्यूज 18 न्यूज एक्स के एग्जिट पोल में भाजपा को 132, कांग्रेस ने 38, आप को 7 और अन्य के खाते में 5 सीटें जाती दिख रही हैं।

WhatsApp Image 2022 12 05 at 7.21.12 PM

पिछली बार का अनुमान भी सही निकला
पिछली बार सभी एजेंसियों ने गुजरात में भाजपा की जीत का अनुमान लगाया था, जो सही निकला। हालांकि, सीटों का अनुमान जरूर थोड़ा कम और ज्यादा निकला। 2017 में भारतीय जनता पार्टी ने 99 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2012 के मुकाबले भाजपा को 16 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा था। वहीं, कांग्रेस ने 77 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2012 के मुकाबले कांग्रेस को 16 सीटों का फायदा मिला था।
एबीपी न्यूज-सीएसडीएस एग्जिट पोल में भी पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सत्ता में वापसी का अनुमान लगाया गया था। एग्जिट पोल में भाजपा को 117, कांग्रेस को 64 और अन्य के खाते में एक सीट दी गई थी। इस पोल में दावा किया गया था कि भाजपा 2012 के मुकाबले बड़ी जीत हासिल करेगी। 2012 में भाजपा को 115 सीटें मिली थीं।
रिपब्लिक जन की बात ने भाजपा को 115 से 130 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान जताया था। वहीं, कांग्रेस को 50 से 65 सीटें मिलने का दावा किया गया था। टाइम्स नाऊ VNR के सर्वे ने भाजपा को 108 से 118, कांग्रेस को 61 से 71 सीटें दी थीं। Zee Axis के सर्वे में भाजपा को 111, कांग्रेस को 71 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था।