Covid-19 : हवाई अड्डों पर विदेशों से आने वालों की रेंडम सैंपलिंग शुरू!

देश में ओमिक्रॉन के नए सब-वेरिएंट BF.7 के दो राज्यों में चार मामले मिले!

814

Covid-19 : हवाई अड्डों पर विदेशों से आने वालों की रेंडम सैंपलिंग शुरू!

New Delhi : कोरोना के नए वैरिएंट के कारण चीन में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ‘गुजरात जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र’ ने अक्टूबर में देश में BF.7 के पहले मामले का पता चला था। देश में ओमिक्रॉन के सब वैरिएंट BF.7 के चार मामलों की पुष्टि हुई। गुजरात और ओडिशा में दो-दो पॉजिटिव केस सामने आए हैं। कोरोना के दूसरे वेरिएंट्स के तरह BF.7 भी उन्हीं लोगों को शिकार बनाता है, जिनका इम्यून सिस्टम कमजोर होता है।

दुनियाभर में बढ़ रहे मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश के हवाईअड्डों पर आज से कोविड-19 के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की रैंडम सैंपलिंग शुरू हो गई। चीन समेत अन्य देशों से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कोविड-19 जांच के लिए रेंडम नमूने लिए जाएंगे।

चीन में कोरोना वायरस से मची तबाही की खबरों के बीच यूके के कई हिस्सों में भी कोविड-19 संक्रमण के बढ़ने के मामले सामने आए। दिसंबर के शुरुआत में मामले 13 लाख तक पहुंच गए। हालांकि, ये आंकड़ा अब भी पिछले साल के कहर से कम है। इस बीच कोरोना वायरस इन्फेक्शन के 10 सबसे आम लक्षणों की लिस्ट में भी बदलाव आए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के साथ कोविड समीक्षा बैठक में विशेषज्ञों ने कहा कि हालांकि अभी तक कोविड मामलों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई। लेकिन, मौजूदा स्थिति पर नजर रखने के लिए लगातार निगरानी की जरुरत है। चीन के कई शहर अत्यधिक संक्रामक ओमिक्रॉन स्ट्रेन की चपेट में हैं। ज्यादातर शहरों में BF.7 वेरिएंट मिला जो बीजिंग में भी फैला। इस कारण चीन में लगातार कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है।

बताया गया कि चीन में BF.7 के कारण जिस करह कोरोना के मामले बढ़े, उसके पीछे पिछली लहर में चीनी आबादी में मजबूत इम्यूनिटी का नहीं बनना और संभवतः कमजोर टीकाकरण बड़ा कारण हो सकता है। BF.7, ओमीक्रान वैरिएंट BA.5 की एक सब-वेरिएंट है। इसकी सबसे मजबूत संक्रमण क्षमता है। क्योंकि, यह बहुत तेजी से फैलता है, लकिन इसकी अवधि कम होती है। इसमें फिर से संक्रमित करने या उन लोगों को भी संक्रमित करने की उच्च क्षमता होती है, जिन्हें टीका लगा होता है। यह अमेरिका, ब्रिटेन और बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस और डेनमार्क जैसे यूरोपीय देशों सहित कई अन्य देशों में पहले ही पाया जा चुका है।

संक्रमण की तेज क्षमता BF.7 में 

चीन में कोविड की स्थिति से साफ है कि BF.7, वहां तेज़ी से लोगों में संक्रमण को फैला रहा है। ओमिक्रॉन BF.7 लोगों को जल्दी शिकार बनाने की ताकत रखता है, जिसके लक्षण भी संक्रमित होने के बाद जल्दी दिखने लगते हैं, जिससे लोग आसानी से संक्रमित हो जाते हैं। BF.7 वेरिएंट श्वसन तंत्र के ऊपरी हिस्से को संक्रमित करता है। इस वजह से बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, कमज़ोरी और थकावट के लक्षण दिखाई देते हैं। कुछ लोगों को उल्टी और दस्त जैसे पेट से जुड़े लक्षणों का भी अनुभव होता है।