
राजधानी के पॉश इलाके श्यामला हिल्स में 20 कुत्तों को जहर देने का मामला पहुंचा थाने, पुलिस ने शुरू की जांच
भोपाल। शहर के वीवीआईपी श्यामला हिल्स स्थित अंसल अपार्टमेंट में पशु क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है, जहां अज्ञात लोगों ने करीब 20 आवारा कुत्तों को जहर दे दिया। इनमें से अब तक 15 की मौत हो चुकी है, जबकि कई की हालत गंभीर बनी हुई है। क्षेत्र की फीडर सुनीला जोशी का आरोप है कि सबसे पहले कुत्तों को तड़पते देखा और तुरंत मदद के लिए संपर्क किया। इस गंभीर मामले में समाजसेवियों ने जांच के लिए श्यामला हिल्स थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है, ताकि इसका खुलासा हो सके कि कुत्तों को जहर किसने दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पशु प्रेमियों ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
बताया जा रहा है कि जहर देने के बाद तड़पते कुत्तों को सामाजिक संस्था और स्थानीय पशु प्रेमियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पिछले चार दिनों से कुत्तों का लगातार इलाज किया जा रहा है। पशु प्रेमियों के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी है, जिससे किसी संगठित साजिश की आशंका जताई जा रही है। डेढ़ महीने पहले भी करीब 17 कुत्ते जहर देने की वजह से मरे थे। इस संबंध में उस समय शिकायत के बाद मृत कुत्तों का पीएम भी कराया गया था और विसरा भी लिया गया था। लेकिन अब तक उस विसरा की जांच के लिए ही नहीं भेजा गया है। इससे कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
बच्चों की सुरक्षा भी खतरें में
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि खुले में जहर फैलाए जाने से आम लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में है। पशु प्रेमियों ने इसकी शिकायत श्यामला हिल्स थाने में की है। थाना प्रभारी नीलम पटवा का कहना है कि शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें जहर देने का आरोप है। जांच के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।





