
बड़वाह महेश्वर रोड पर चलती कार में लगी आग, मुंबई के 6 लोगों ने कूदकर बचाई जान
खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बडवाह महेश्वर रोड पर ग्राम किठुद के पास एक बड़ा हादसा टल गया, जब मुंबई से ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की सीएनजी कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में महिलाओं और बच्चों सहित कुल छह लोग सवार थे, जिन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही पलों में कार धूं-धूं कर जलती हुई आग का गोला बन गई।

जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी जतिन बट्टू अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही उनकी कार किठुद गांव के पास पहुंची, तभी वाहन के बोनट से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए जतिन ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को तेजी से नीचे उतार दिया।
जतिन ने बताया कि परिवार के सुरक्षित उतरने के बाद उन्होंने कार का बोनट खोलकर देखने की कोशिश की, तभी अचानक इंजन से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले ही सभी यात्री सुरक्षित दूरी पर पहुंच चुके थे। उन्होंने बताया कि कर में उनके भाई-भाभी ,पत्नी और दो बच्चे थे।
घटना को देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और यात्रियों की मदद करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलते ही बड़वाह से अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
सीएनजी फिटेड कार होने के कारण किसी भी समय विस्फोट होने की आशंका बनी हुई थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि यात्रियों के वाहन से उतरने में थोड़ी भी देर होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।





