
पन्ना की खदान में मीरा सिंह की चमकी किस्मत,20 लाख का 6.54 कैरेट का हीरा मिला..
पन्ना: हीरों की नगरी पन्ना की धरती ने एक बार फिर अपनी चमक बिखेरी है। जिले के ग्राम जरुआपुर स्थित उथली हीरा खदान से 6.54 कैरेट का उज्ज्वल हीरा मिला है। हीरे की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए से अधिक आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह बेशकीमती हीरा मीरा सिंह को मिला है। उन्होंने मार्च माह में खदान का पट्टा लिया था और तब से लगातार खनन कार्य कर रही थीं। कई महीनों की मेहनत के बाद आखिरकार उन्हें यह कीमती हीरा मिला, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
। हीरा मिलने की सूचना के बाद खनिज विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर हीरे को सुरक्षित रखा है। आगामी नीलामी में इसकी वास्तविक कीमत तय होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि हीरे की गुणवत्ता के आधार पर नीलामी में इसकी कीमत और बढ़ सकती है।
*पन्ना की धरती में आज भी छिपे हैं अनमोल रत्न..*
पन्ना देश में प्राकृतिक हीरों के लिए प्रसिद्ध है। यहां अक्सर छोटे-बड़े हीरे मिलने की खबरें सामने आती रहती हैं। इस ताजा खोज ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पन्ना की धरती आज भी अपने गर्भ में अनमोल रत्न समेटे हुए है, जो मेहनत और किस्मत के संगम से लोगों की जिंदगी बदल देते हैं।





