WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

छतरपुर में गोभी के अंदर निकला सांप, सब्जी काटते समय मचा हड़कंप..

छतरपुर में गोभी के अंदर निकला सांप, सब्जी काटते समय मचा हड़कंप..

छतरपुर: छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 8 कछियाना मोहल्ला से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर में बंद गोभी के अंदर से छोटा सांप निकलने की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर गोभी के अंदर सांप दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार सिंधी कॉलोनी के पास रहने वाले शिवम नामदेव ने बताया कि उनकी बुआ माया नामदेव (50) सुबह रसोई में सब्जी बनाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान वे लोहे के हंसिया से बंद गोभी काट रही थीं। जैसे ही उन्होंने गोभी को बीच से काटा, अंदर से अचानक एक छोटा सांप निकल आया। यह देखकर वे घबरा गईं और जोर से चिल्लाईं।

आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और सभी यह नजारा देखकर हैरान रह गए। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर सब्जी के अंदर सांप कैसे पहुंच गया। हालांकि यह आशंका जताई जा रही है कि खेत या भंडारण के दौरान सांप गोभी के अंदर छिप गया होगा।

इस घटना ने लोगों को सतर्क रहने का संदेश भी दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि फल और सब्जियों को उपयोग करने से पहले अच्छी तरह जांचना और साफ करना बेहद जरूरी है। खासकर पत्तेदार सब्जियों में इस तरह के जीव छिपे होने की संभावना बनी रहती है।
फिलहाल इस घटना से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इसने लोगों को सावधान जरूर कर दिया है।