WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

भोपाल में बाघ का खौफ: चंदनपुरा में फार्महाउस की बाउंड्री लांघकर घुसा बाघ

भोपाल में बाघ का खौफ: चंदनपुरा में फार्महाउस की बाउंड्री लांघकर घुसा बाघ

भोपाल। राजधानी के कोलार रोड के नजदीक चंदनपुरा सिटी फॉरेस्ट क्षेत्र के समीप एक बार फिर बाघ की मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल है। कल सुबह करीब 6.30 से 7.00 बजे के बीच, मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों ने एक बाघ को न सिर्फ देखा बल्कि उसकी दहाड़ भी सुनी। जैसे ही बाघ सुबह टहलने वालों की ओर लपका, तो वे वहां से भागे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दहाड़ने के बाद बाघ तेजी से चंदनपुरा स्थित एक निजी फार्महाउस की बाउंड्रीवॉल कूदकर अंदर दाखिल हो गया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मंजर का वहां मौजूद लोगों ने वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस संबंध में अब वन विभाग ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है।
*संकट में बाघों का कॉरिडोर, बढ़ा टकराव का खतरा*
चंदनपुरा और आसपास का इलाका पिछले काफी समय से बाघों की नियमित आवाजाही का गवाह रहा है। चिंता की बात यह है कि एक तरफ जहां इस क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक, पर्यटन और मानवीय गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। वहीं दूसरी ओर बाघों के प्राकृतिक कॉरिडोर पर धड़ल्ले से सड़कें, निजी निर्माण और भूमि विकास का काम चल रहा है। निर्माण कार्यों के कारण वन्यजीवों का रास्ता बाधित हो रहा है, जिससे वे रिहायशी इलाकों का रुख कर रहे हैं।
*बड़ी लापरवाही आ रही सामने*
लोगों का कहना हैकि इतने संवेदनशील क्षेत्र में वन विभाग की कोई स्थायी वन चौकी (फॉरेस्ट पोस्ट) मौजूद नहीं है, जिससे वन्यप्राणियों और इंसानों की सुरक्षा पूरी तरह रामभरोसे है। यदि वन विभाग और प्रशासन ने समय रहते इस अनियंत्रित निर्माण पर रोक नहीं लगाई और सुरक्षा के कड़े इंतजाम नहीं किए, तो यह लापरवाही किसी बड़े बाघ-मानव संघर्ष को जन्म दे सकती है, जो इंसानों और बाघों दोनों के लिए बेहद घातक साबित होगी।