AAP Protest : महिलाओं और नाबालिगों पर अत्याचार का विरोध

359

AAP Protest : महिलाओं और नाबालिगों पर अत्याचार का विरोध

Indore : आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विंग ने आज प्रदेश में महिलाओं और नाबालिगों पर बढ़ रहे अत्याचार के खिलाफ राजबाड़ा स्थित न्याय की देवी अहिल्या बाई की प्रतिमा को ज्ञापन सौपकर महिला अत्याचार से मुक्ति के लिए प्रार्थना की। AAP की महिला विंग अध्यक्ष दीपाली गौर ने बताया कि नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो की वर्ष 2021 की रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश महिला अत्याचार और नाबालिगों के साथ हो रहे दुष्कर्म के मामले में पूरे देश मे फिर से शीर्ष पर है। ये प्रदेश की कानून व्यवस्था की वस्तुस्थिति बताता है।

अश्लीलता से जुड़े मामलों में मध्य प्रदेश देश में पहले नंबर पर पहुंच गया है। 7528 लोगों पर अश्लीलता फैलाने के मामले कायम किए गए। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार के 30 हजार 673 प्रकरण दर्ज किए गए, जो वर्ष 2020 की तुलना में 5 हजार से अधिक हैं। अपहरण के 9 हजार 511 मामले सामने आए। जबकि, 2020 में ये 7 हजार 320 थे।

महिला सहसचिव प्रमिला ने बताया कि बच्चों से अत्याचार के मामले 19 हजार 173 सामने आए। हर तीन घंटे में एक बच्ची से दुष्कर्म किया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने आपको बच्चों के मामा कहते हैं, लेकिन प्रदेश में भांजिया ओर महिलाएं सुरक्षित नहीं है। अगर इस समस्या का जल्द उचित निराकरण नहीं किया जाता है, तो महिला विंग पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी! इस कार्यक्रम में सीमा यादव, जूही चावला, रीना राठौर, लक्ष्मी चौहान, क्रांति पुनेगर सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।