WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Accused Made OSD : भ्रष्टाचार के आरोपी को बना दिया श्रम मंत्री का ओएसडी, आदेश निरस्त हुआ!  

प्रहलाद पटेल ने लिखा 'विभाग के प्रमुख जिम्मेदारी लेकर स्क्रीनिंग करें ताकि व्यवस्था निर्दोष रहे! 

1233

Accused Made OSD : भ्रष्टाचार के आरोपी को बना दिया श्रम मंत्री का ओएसडी, आदेश निरस्त हुआ!

 

Bhopal : प्रदेश के श्रम विभाग ने मंत्री प्रहलाद पटेल का ओएसडी इंदौर में उप श्रम आयुक्त लक्ष्मी प्रसाद पाठक को बनाने का आदेश जारी किया था। जबकि, लक्ष्मी प्रसाद पाठक के खिलाफ लोकायुक्त में भ्रष्टाचार के मामले में केस दर्ज है। उनके खिलाफ आरोप सही होने पर विभाग से अभियोजन की स्वीकृति भी मांगी गई है। इस संबंध में नवंबर 2023 में लोकायुक्त ने श्रम सचिव को पत्र लिखकर न्यायालय में अभियोजन प्रस्तुत करने के लिए स्वीकृति मांगी थी, जिसकी स्वीकृति अब तक नहीं मिली।

IMG 20240113 WA0006

इस बीच श्रम विभाग ने आदेश जारी कर पाठक को अपने वर्तमान कार्य के साथ श्रम मंत्री के निजी स्थापना में ओएसडी बना दिया। यह मामला सामने आने के बाद श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने आदेश को निरस्त करा दिया। अभी शासन ने अस्थाई रूप से बैतूल में श्रम पदाधिकारी धम्मदीप भगत को वर्तमान कार्य के साथ-साथ श्रम मंत्री की निजी स्थापना में ओएसडी पदस्थ किया है।

इस आदेश को श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने सोशल मीडिया पर शेयर कर लिखा कि श्रम मंत्रालय भोपाल ने जिन महानुभाव को मेरे साथ अस्थायी तौर पर अटैच किया था, उन पर लोकायुक्त जांच के समाचार के बाद पुनः अस्थायी व्यवस्था की गई है। मंत्री ने आगे लिखा कि मेरा स्पष्ट मत है कि विभाग के प्रमुख जिम्मेदारी लेकर स्क्रीनिंग करें ताकि स्थायी या अस्थायी व्यवस्था पूर्णतः निर्दोष रहे।

 

क्या था मामला

लक्ष्मी प्रसाद पाठक के खिलाफ साल 2014 से भ्रष्टाचार का मामला लटका पड़ा है। तब भ्रष्टाचार निरोधक निगरानी की टीमों ने इंदौर और सिंगरौली जिलों में पाठक के परिसरों पर छापा मारा था, जिससे कथित तौर पर लगभग 2.5 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला था।