
खेत में सो रहे परिवार पर गिरा एसिड, महिला की मौत; 2 मासूम बच्चे झुलसे
बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुरा इंद्रपुर गांव में खेत में सो रहे एक परिवार पर कथित रूप से एसिड से भरा डिब्बा गिर जाने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बच्चे झुलस गए।
राजपुर के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. देवेंद्र रोमड़े ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे विजय नामक व्यक्ति अपनी 24 वर्षीय पत्नी पिंकी, चार वर्षीय पुत्री शिवानी और छह वर्षीय पुत्र अथर्व को 108 एंबुलेंस से राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया था।
उन्होंने बताया कि घटना के चलते पिंकी का चेहरा, छाती, पेट, पैर व हाथ बुरी तरह झुलस गए थे और उसकी आंखें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। वहीं दोनों बच्चों के चेहरे भी एसिड से झुलस गए।

प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया, लेकिन पिंकी की रास्ते में ही मौत हो गई। डॉक्टरों ने जिला अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया।
दोनों बच्चों का जिला अस्पताल के बर्न यूनिट में 10 प्रतिशत घायल अवस्था में उपचार जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हालांकि उन्हें बोलने में दिक्क़त आ रही है।
महिला के पति विजय ने पत्रकारों को बताया कि वह खेत में ड्रिप सिंचाई प्रणाली की सफाई के लिए राजपुर से एसिड की केन लाया था और उसे परिवार के सोने की जगह के पास एक रैक पर रख दिया था।
उसने बताया कि शुक्रवार तड़के वह शौच के लिए बाहर गया था। इसी दौरान संभवतः किसी बिल्ली या चूहे की हलचल के कारण एसिड का डिब्बा गिर गया और एसिड उसकी पत्नी तथा दोनों बच्चों पर फैल गया।
विजय के अनुसार, उसकी पत्नी पिंकी को मुंह खोलकर सोने की आदत थी, जिसके कारण कुछ एसिड उसके मुंह में भी चला गया।
बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने बताया कि तीनों घायलों को पहले राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि घटना कैसे हुई, इसका सही घटनाक्रम अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पिंकी की हालत गंभीर होने के कारण मृत्यु से पहले उसके बयान दर्ज नहीं किए जा सके। उन्होंने बताया कि एफ एस एल की टीम ने भी घटना स्थल की जाँच कर आवश्यक सबूत एकत्रित किये। पिंकी के शव का शुक्रवार शाम पीएम हो गया है, इसकी रिपोर्ट आना बाकी है.
सफाई में उपयोग होने वाले एसिड खुले बाजार में बेचे जा सकते हैं, लेकिन केवल अधिकृत विक्रेताओं द्वारा आवश्यक लाइसेंस और अनुमतियों के साथ ही उनकी बिक्री की जा सकती है। ऐसे उत्पाद सीलबंद और उचित लेबल लगे कंटेनरों में बेचे जाने चाहिए, जिन पर सुरक्षा संबंधी चेतावनियां और उपयोग के निर्देश स्पष्ट रूप से अंकित हों।
अधिकारियों के अनुसार, संक्षारक (कॉरोसिव) रसायनों को सुरक्षित स्थान पर रखा जाना चाहिए तथा उन्हें खाद्य पदार्थों, बच्चों और आम लोगों की पहुंच से दूर रखना आवश्यक है। खुले, ढीले या बिना लेबल वाले रूप में एसिड की बिक्री प्रतिबंधित है। औद्योगिक उपयोग के एसिड पर घरेलू सफाई उत्पादों की तुलना में अधिक कड़े भंडारण और हैंडलिंग नियम लागू होते हैं।
यदि एसिड का असुरक्षित भंडारण, रिसाव या लापरवाहीपूर्ण उपयोग किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। औषधि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के पालन की नियमित निगरानी की जाती है तथा नियमों के उल्लंघन पर संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जाती है।





