रतलाम में झलकता है अपनापन, देश ही नहीं दुनिया में जाना जाएगा-मंत्री हरदीप सिंह डंग

मालवा का व्यवसायिक हब बनेगा रतलाम-विधायक चैतन्य काश्यप

394

महाराजा श्री रतन सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मनाया बसंत पंचमी स्थापना दिवस

रतलाम। रतलाम स्थापना महोत्सव समिति व नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में रतलाम का स्थापना दिवस बसंत पंचमी धूमधाम से गौरव दिवस के रूप में गुरुवार को मनाया गया।

मप्र शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण मंत्री हरदीपसिंह डंग, शहर विधायक चैतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल के मुख्य आतिथ्य में नगर निगम तिराहे स्थित रतलाम राज्य के जनक महाराजा श्री रतनसिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। आतिशबाजी कर मिठाई का वितरण किया गया।

रतलाम स्थापना महोत्सव समिति व नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में रतलाम का स्थापना दिवस चार दिवसीय कार्यक्रम के साथ मनाया जा रहा है।

महाराज श्री रतन सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद अतिथियों का स्वागत समिति संस्थापक व संयोजक मुन्नालाल शर्मा, अध्यक्ष प्रवीण सोनी, सचिव मंगल लोढ़ा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विप्लव जैन, भाजपा कुशाभाऊ ठाकरे मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, राजेन्द्र अग्रवाल, सुशील सिलावट, गोपाल शर्मा, राजेन्द्र पाटीदार, राकेश नाहर, अभय काबरा, महेंद्र मूणत, पार्षद धर्मेंद्र व्यास, रणजीत टाक, हितेश शर्मा (कामरेड) आदि ने किया। स्वागत उद्बोधन समिति संस्थापक व संयोजक मुन्नालाल शर्मा ने दिया।

मंत्री डंग ने कहा कि 1652 ईस्वी में रतलाम की स्थापना करने वाले महाराजा श्री रतन सिंह जी को हम नमन करते है।आज के दिन बहुत महत्वपूर्ण है। हम उन शहीदों को भी नमन करते है जिनकी वजह से आज हम है। हमारा नेतृत्व जिस विचार धारा से काम कर रहा है तो हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम अपने देश को आगे ले जाने में योगदान दे। रतलाम की पहचान सेंव, सोना व साड़ी से तो है ही लेकिन यहां के व्यवहार, स्वागत संस्कार में अपनापन झलकता है। जिस तरह इंदौर ने अपनी पहचान बनाई है उसी तरह रतलाम भी देश ही नही हिंदुस्तान में रतलाम की पहचान होगी।

शहर विधायक श्री काश्यप ने कहा कि आज बड़ा संयोग वाला दिन है।किसी भी नगर का स्थापना दिवस बहुत महत्वपूर्ण होता है। 372 वर्ष पूर्व राजस्थान के जालौर से आकर महाराजा श्री रतनसिंह जी ने रतलाम की स्थापना की थी। रतलाम के विकास की बुनियाद को हम आगे बढ़ा रहे हैं। विरासत, इतिहास को संभालना सबका काम है।

रतलाम मालवा का व्यवसायिक हब बनेगा। महापौर श्री पटेल ने कहा कि हमारा रतलाम पूरे प्रदेश में जाना जाता है। रतलाम के लोगों में अपनापन है। हमारा रतलाम बदल रहा है। हमारे लाडले विधायक श्री चेतन्य काश्यप जी ने विकास की नई इबादत लिखी है। देश नहीं दुनिया में रतलाम का नाम रोशन होगा। इस दौरान नगर निगम के कार्यपालन यंत्री सुरेशचंद्र व्यास, सिटी इंजीनियर जीके जायसवाल, श्याम सोनी व अनिल पारा का भी सम्मान अतिथियों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई, रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, एसपी अभिषेक तिवारी सहित निगम एमआईसी सदस्य, पार्षद, आमजन आदि बड़ी संख्या में मौजुद रहे।

संचालन तथा आभार

कार्यक्रम का संचालन रतलाम स्थापना समिति सचिव मंगल लोढ़ा ने किया तथा आभार नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने किया।