
MP के युवक के मुरीद हुए अमेरिकी फिटनेस स्टार एशटन हॉल,भारत आये मिलने
मध्य प्रदेश के चंबल से एक ऐसीखबर है, जो सोशल मीडिया की ताकत और देसी टैलेंट की उड़ान को बखूबी बयां करती है. मुरैना जिले के बामोर कस्बे का रहने वाला एक साधारण युवक, जो कभी अपने गांव में खाट पर बैठकर मोबाइल से फिटनेस वीडियो बनाया करता था, आज उसी मेहनत और निरंतरता के दम पर अमेरिका के मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर एशटन हॉल (Ashton Hall) को चंबल तक ले आया. यह सिर्फ एक वायरल किस्सा नहीं, बल्कि यह दर्शाता है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म किस तरह सीमित संसाधनों के बीच छिपी प्रतिभा को वैश्विक पहचान दिला सकते हैं.
ग्लोबल प्लेटफॉर्म तक योगेंद्र कैसे पंहुचे
यह कहानी है चंबल अंचल के छोटे से कस्बे बामोर में रहने वाले योगेंद्र कुशवाह की. योगेंद्र सोशल मीडिया पर फिटनेस से जुड़े वीडियो पोस्ट करते हैं. सीमित साधन, साधारण लोकेशन और देसी अंदाज में बनाए गए वीडियो ही उनकी पहचान हैं. वे दुनिया के करोड़ों युवाओं की तरह अमेरिकन फिटनेस स्टार एशटन हॉल से प्रभावित रहे और लंबे समय से उनके स्टाइल की कॉपी करते हुए कंटेंट बनाते रहे.

एक शेयर ने बदली किस्मत
Brought the routine to India 🇮🇳📍 pic.twitter.com/jxMs0hhEPK
— Ashton Hall (@AshtonHallofc) May 11, 2026
योगेंद्र के जीवन का बड़ा मोड़ उस समय आया, जब एशटन हॉल ने उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. यही नहीं, हॉल ने यह भी लिखा कि यदि यह वीडियो ज्यादा लोगों तक पहुंचता है, तो वे खुद योगेंद्र से मिलने भारत आएंगे. इसके बाद योगेंद्र का वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लाखों-करोड़ों लोगों ने उसे देखा.
वादा निभाने भारत पहुंचे एशटन हॉल
अपने वादे को निभाते हुए अमेरिकन फिटनेस स्टार एशटन हॉल अचानक भारत पहुंचे. वे न तो किसी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और न ही किसी ब्रांड प्रमोशन के लिए. उनका मकसद सिर्फ अपने मित्र योगेंद्र कुशवाह से मिलना था. एशटन हॉल सबसे पहले ग्वालियर पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक होटल उषा किरण पैलेस में कुछ समय बिताया.





