श्रीकृष्ण वाटिका के 700 मकानों पर नगर निगम की मनमानी कार्रवाई! 

एक तरफ अवैध कॉलोनियों को वैध करने की बात, दूसरी तरफ लोगों के घर तोड़ने की तैयारी

456

Indore : कांग्रेस के दो विधायको संजय शुक्ला और विशाल पटेल ने शहर के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित ‘श्रीकृष्ण वाटिका कॉलोनी’ के 700 मकान पर कार्रवाई करने की नगर निगम की कोशिश को मनमानी बताया। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की दोमुंही नीति का नतीजा है।

IMG 20221216 WA0082

शुक्ला और पटेल ने कहा कि सुपर कॉरिडोर के पास में स्थित इस कॉलोनी में लोगों ने नक्शे मंजूर करवा कर अपने मकान बनाए लिए हैं। मकान बनाने के लिए इन नागरिकों ने लाखों रुपए का कर्ज लिया और अपने जीवनभर की कमाई इन मकानों में लगा दी। अब वे कर्ज को चुकाने में लगे हैं, ऐसे में नगर निगम ने इन मकानों में तोड़फोड़ की योजना तैयार कर ली। निगम इन मंजूर नक्शे वाले मकानों को मनमानी करते हुए तोड़ना चाहता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर निगम द्वारा श्रीकृष्ण वाटिका में जबरदस्ती मकान तोड़ने की कार्रवाई से नाराज रहवासियों ने हमसे मुलाकात की। मैंने तत्काल संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए कहा है।

नेता द्वय ने कहा कि एक तरफ तो मुख्यमंत्री कहते हैं कि अवैध कालोनियों को वैध किया जाएगा और दूसरी तरफ 700 मकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई बहुत ही निंदनीय है। यह दो मुंही सरकार है। संकट की घड़ी में मैं सदैव जनता के हित में उनके साथ खड़ा रहूंगा। संजय शुक्ला ने कहा कि बिल्डरों व नगर निगम की मिलीभगत के चलते छोटा बांगड़दा स्थित श्रीकृष्ण वाटिका में निवासियों के पक्के मकान तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। हम इस कार्रवाई का विरोध करते हैं। हम हमेशा रहवासियों के साथ हैं। मध्यप्रदेश विधानसभा के आगामी सत्र में इस मामले को मैं प्रमुखता के साथ उठाऊंगा।