
लोकसभा से प्रतिनियुक्ति पर आए अरविंद शर्मा, एपी सिंह की जगह बनेंगे विधानसभा के PS
भोपाल: लोकसभा से प्रतिनियुक्ति पर मध्यप्रदेश विधानसभा आए सचिव अरविंद शर्मा का संविलियन मध्यप्रदेश विधानसभा में हो चुका है और अब उन्हें इस माह के अंत में मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नत किया जाएगा।
सेवानिवृत्ति के बाद दो साल सेवावृद्धि और छह माह की संविदा नियुक्ति पूरी कर मौजूदा विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह इसी माह सेवानिवृत्त होने जा रहे है।
विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ढाई साल पहले सेवानिवृत्त हो रहे थे। उन्हें पहले वर्ष 2023-2024 के लिए एक साल की सेवावृद्धि दी गई। इसके बाद वर्ष 2024-25 में दूसरी बार एक साल की सेवावृद्धि दी गई। यह कार्यकाल भी पांच महीने पहले समाप्त हो गया था। इसके बाद उन्हें छह माह की संविदा नियुक्ति प्रमुख सचिव के पद पर दी गई थी। यह संविदा अवधि इसी माह तीस सितंबर को खत्म हो रही है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मध्यप्रदेश में विधानसभा के कामों के लिए अरविंद शर्मा को सचिव बनाकर प्रतिनियुक्ति पर मध्यप्रदेश विधानसभा लाए थे। अब उनका संविलियन मध्यप्रदेश विधानसभा में कर दिया गया है। विधानसभा के मौजूदा प्रमुख सचिव एपी सिंह का इस माह तीस सितंबर को कार्यकाल समाप्त हो रहा है इसके बाद सचिव अरविंद शर्मा को ही विधानसभा का प्रमुख सचिव बनाया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी इसके लिए अपनी सहमति दे चुके है। अब औपचारिक रुप से आदेश होंना बाकी है जो इस माह के अंतिम कार्यदिवस में हो जाएगा। इसके बाद विधानसभा का अगले सत्र में विधानसभा की कार्यवाही के कार्य संचालन में अरविंद शर्मा के प्रमुख सचिव के रुप में कार्य करते नजर आएंगे।





