
Bhopal News: आबकारी वेयरहाउस के सामने खड़े ट्रक से गायब शराब की खोज में जुटी पुलिस
भोपाल। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग के वेयरहाउस के सामने खड़े एक ट्रक का तिरपाल फाड़कर 40 पेटी अंग्रेजी शराब चोरी होने के मामले में पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। चोरी गई शराब की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, ट्रक ड्राइवर से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं, बिलखिरिया थाना क्षेत्र की कोकता शराब दुकान से 24 बीयर की बोतलें और 50 हजार रुपए नगद चोरी होने के मामले में सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे युवक की तलाश भी जारी है।
गांधीनगर पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात को गांधीनगर थाना क्षेत्र में स्थित आबकारी विभाग के वेयरहाउस के सामने एक ट्रक खड़ा था, जिसमें अंग्रेजी शराब की खेप रखी हुई थी। जब ट्रक की जांच की गई, तो उसमें से 40 पेटी शराब गायब मिली। शुरूआती जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर आबकारी विभाग का वेयरहाउस स्थित है, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। गोदाम परिसर में न तो सुरक्षा गार्ड तैनात हैं और न ही निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है। पहले भी इस क्षेत्र में चोरी की घटनाओं और सुरक्षा संबंधी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।





