ग्वालियर-चंबल की 4 सीटों को साधने भाजपा-कांग्रेस ने लगाया दम

भाजपा से CM, विधानसभा स्पीकर, प्रदेश अध्यक्ष तो कांग्रेस से जीतू से लेकर राहुल, प्रियंका तक मैदान में

161

ग्वालियर-चंबल की 4 सीटों को साधने भाजपा-कांग्रेस ने लगाया दम

भोपाल:-ग्वालियर-चंबल की चार लोकसभा सीटों पर चुनाव का रण खासा दिलचस्प हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इन दोनों दलों के बीच में बसपा भी इनके समीकरण बिगाड़ने में लगी हुई है। यहां की चारों सीटों पर 7 मई को मतदान होना है। मतदान के आखिरी सप्ताह में यहां पर दोनों ही दल अपने नेताओं के लाव लश्कर के साथ अब मैदान में आगे बढ़ रहे हैं।

इस अंचल की ग्वालियर, मुरैना, भिंड और गुना में जातिगत समीकरण चुनाव को खासे प्रभावित करते रहे हैं। इन समीकरण को साधने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। हालांकि पिछले चुनाव में चारों सीट भाजपा ने ही जीती थी, लेकिन भाजपा इस चुनाव में भी कोई कोर कसर बाकी नहीं रखना चाहती है। इसके चलते उसने जातिगत समीकरण के साथ ही क्षेत्र के समीकरण को भी साधने की रणनीति तैयार की।

इस रणनीति के तहत यहां पर भाजपा ने इस क्षेत्र के अपने सबसे मजबूत नेता एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को सक्रिय किया। तोमर लगातार ग्वालियर, मुरैना और भिंड में सक्रिय हैं। उनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका ग्वालियर और मुरैना में है। इन दोनों सीटों से वे सांसद रह चुके हैं। वे यहां पर लगातार दौरे कर रहे हैं। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी सोमवार को दौरे किए और भाजपा के पक्ष में सभाएं की। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी लगातार क्षेत्र में सभा कर रहे है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी रविवार को यहां पर भेजा गया। उन्होंने ग्वालियर और मुरैना लोकसभा क्षेत्र में सभाएं की थी।

*ऐसे भी साध रहे* 

भाजपा न सिर्फ नेताओं को यहां पर चुनाव प्रचार में भेज कर जनता को साधने का काम कर रही है। बल्कि वह हर वर्ग और हर समाज को भी साधने का काम कर रही है। ग्वालियर में भारत सिंह कुशवाह को उम्मीदवार बनाकर मुरैना में उनके समाज को साधने का काम किया गया। मुरैना में कुशवाह समाज के बड़ी संख्या में मतदाता हैं। वहीं मुरैना से शिवमंगल सिंह तोमर को टिकट देकर ग्वालियर में रहने वाले क्षत्रियों को साधने का काम किया गया। कांग्रेस ने भी ग्वालियर से प्रवीण पाठक के जरिए इस क्षेत्र के ब्राह्मणों को साधने का काम किया। श्रत्रियों को साधने के लिए सत्यपाल सिंह सिकरवार को मुरैना से टिकट दिया। गुना में भी कांग्रेस ने जाति का कार्ड खेला।

इधर राहुल और प्रियंका भी मैदान में

भाजपा की ही तरह कांग्रेस भी इन चार सीटों पर किला लड़ाने का प्रयास कर रही है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा कल भिंड में हुई। वहीं दो मई को प्रियंका गांधी मुरैना आ रही है। इससे पहले सोमवार को इस क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी रहे। यहां पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह और राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह को भी पार्टी ने सक्रिय किया है।