BJP नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य बलबीर पुंज का निधन,कई राज्यों में प्रदेश प्रभारी रहें हैं पुंज

249

BJP नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य बलबीर पुंज का निधन,कई राज्यों में प्रदेश प्रभारी रहें हैं पुंज

लेखक, पूर्व राज्यसभा सांसद और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलबीर पुंज का शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे नोएडा के मेट्रो अस्पताल में निधन हो गया। शुक्रवार को इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।

बलबीर पुंज नोएडा के सेक्टर-17 में रहते थे। उनकी एक बेटी विदेश में और दूसरी दिल्ली में रहती है। वर्ष 2000 से 2006 तक उत्तरप्रदेश और 2008 से 2014 तक ओडिशा के भाजपा से राज्यसभा सांसद के रूप में रहे। बलबीर पुंज भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और अखिल भारतीय उपाध्यक्ष पद पर भी रहे।

कई राज्यों में प्रदेश प्रभारी रहें हैं पुंज

पार्टी ने उनको केरल, पंजाब, गुजरात और हिमाचल प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण प्रदेशों का प्रभारी भी नियुक्त किया। राष्ट्रीय राजनीति और आर्थिक विषयों पर देश के कई महत्वपूर्ण समाचारों और पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन करते थे। उनके छोटे भाई सेक्टर-47 नोएडा में रहते हैं। पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए सेक्टर-47 स्थित भाई के आवास पर ले जाया जाएगा।

लाल कृष्ण आडवाणी के करीबी रहे हैं पुंज

अंतिम संस्कार रविवार को दोपहर साढ़े 12 बजे दिल्ली के निगमबोध घाट पर होगा। बलबीर पुंज हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषाओं के सिद्धहस्त लेखक थे। वे राष्ट्रवादी चिंतन के प्रमुख हस्ताक्षर माने जाते थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के करीबी रहे बलबीर पुंज तरुण विजय, गुरुमूर्ति, अजित डोभाल और दीनानाथ मिश्र जैसे दिग्गजों के समकक्ष थे।उनकी पुस्तक नैरेटिव का मायाजाल का दो वर्ष पूर्व प्रभात प्रकाशन द्वारा विमोचन किया गया था। वे किसी भी विषय पर गहन चिंतन, तर्कसंगत और संयत शब्दों में अपनी राय रखते थे। सिख समाज पर एक बड़ी पुस्तक लिखने की उनकी योजना थी। उनके लेखों के संकलन को विधा और विषयवार प्रकाशित करने की भी योजना थी। उनका शनिवार शाम निधन हो गया।