BJP अब महिला नेत्रियों को चुनाव प्रबंधन,भाषण,टाइम मैनेजमेंट,टीमवर्क और डिसीजन मेकिंग लीडर के रूप में तैयार करेगी

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की भोपाल में प्रशिक्षण बैठक

469

 

 

 

 

भोपाल: भाजपा अब महिला नेत्रियों को लेक्चर व भाषण देने, टाइम मैनेजमेंट, टीमवर्क का हिस्सा बनने, डिसीजन मेकिंग लीडर के रूप में तैयार करना चाहती है। इसके साथ ही उन्हें राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन के बीच स्ट्राइकिंग बैलेंस बनाने के साथ महिला सशक्तिकरण के बारे में भी बताया जाएगा। देश भर के 37 संगठनात्मक राज्यों की महिला नेत्रियों को व्यक्तिगत, राजनीतिक और वैचारिक प्रबंधन सिखाने का यह काम प्रदेश के सीहोर जिले में शुरू हो गया है।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की प्रशिक्षण बैठक के जरिये इसके लिए ट्रेनिंग देने का काम 13 से 15 मई तक चलेगा जिसमें भाजपा के केंद्रीय नेताओं के साथ नरेंद्र मोदी सरकार की महिला मंत्री भी शामिल होंगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार से शुरू हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष महिला कार्यकर्ताओं के समक्ष चुनौतियां विषय पर उद्बोधन देंगे। इसमें वे राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन में जिम्मेदारी बनाए रखने के लिए स्ट्राइकिंग बैलेंस के गुर सिखाएंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम भी पहले सत्र में शामिल हुए। दूसरे सत्र में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव हमारे सिद्धांत विषय पर वक्तव्य देंगे।

 सीखेंगे वूमेन पावर के गुर

भाजपा महिला मोर्चा के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची महिला नेत्रियों को शनिवार को सबसे पहले राष्ट्रीय संगठक वी सतीश हमारा वैचारिक जीवन विषय पर प्रशिक्षण देंगे। इसके उपरांत महिला केंद्रित भारतीय कानून के बारे में मोनिका अरोड़ा जानकारी देंगी। केंद्रीय राज्य मंत्री दर्शना जरदोश महिला सशक्तिकरण में भाजपा की भूमिका और केंद्र सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं के बारे में जानकारी देंगी। इसके बाद व्यक्तित्व विकास और संचार कौशल पर रवि साठे का वक्तव्य होगा जिसमें वे महिला नेताओं को लेखन कला, वक्तव्य कौशल, समय प्रबंधन, टीमवर्क, डिसीजन मेकर के साथ चुनाव प्रबंधन के तरीकों से अवगत कराएंगे। राष्ट्र निर्माण में महिलाओं का योगदान विषय पर सुषमा यादव का संबोधन भी शनिवार को होगा।

15 को स्मृति ईरानी ट्रेंड करेंगी महिला नेत्रियों को

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 15 मई को करीब पौने दो से महिला नेत्रियों को नए भारत का विचार, केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताएंगी। इसके साथ ही भारतीय महिलाओं की स्थिति विषय पर ममता यादव का उद्बोधन होगा। इसी दिन मीडिया और सोशल मीडिया का महत्व नूपुर शर्मा और प्रीति गांधी बताएंगी और समापन सत्र में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश का संबोधन होगा।