BJP Working Committee : मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कर्नाटक फर्नाटक क्या है?

CM ने आत्मविश्वास भरा, सभी MLA से वर्क प्लान बनाकर काम करने की नसीहत!  

898

BJP Working Committee : मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कर्नाटक फर्नाटक क्या है?

Bhopal : मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज हुई। मुख्यमंत्री ने बैठक में नौवें सत्र को संबोधित किया। शिवराज सिंह चौहान ने विधायकों को नसीहत दी कि वर्क प्लान बनाकर काम करें। जिस तरह सांसद अपना प्लान बनाकर अपने पीएम को देते हैं, विधायक भी अपना कार्यक्रम बनाकर काम करें। उन्होंने घोषणा की कि बेटियों की तरह मेरिट में आने वाले बेटों को भी ई-स्कूटी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा के पास नरेंद्र मोदी हैं, कांग्रेस के पास क्या है?

भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई। सुबह ही मंत्री और विधायक पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कर्नाटक फर्नाटक क्या है? ये मध्यप्रदेश है यहां हम धूमधाम से जीत का रिकॉर्ड बनाएंगे। उनके पास क्या है, हमारे पास तो नरेंद्र मोदी हैं। दिन रात तपने वाले देव दुर्लभ कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस हमारा मुकाबला नहीं कर सकती। मेरे तरकश में अभी बहुत से तीर हैं।

WhatsApp Image 2023 05 19 at 20.28.17

शिवराज सिंह ने कहा कि 1 से 9 जून तक हम महिलाओं को ‘लाडली बहना योजना’ के स्वीकृति पत्र देंगे। 10 जून को पैसा उनके खाते में ट्रांसफर हो जाएगा। युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देना क्या छलावा है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने शपथ नहीं ली। उससे पहले ही पीएफआई, जैसी राष्ट्रविरोधी ताकतें सिर उठाने लगी। अभी हमने HUT के 10 लोग पकड़े। हम देश विरोधी ताकतों को छोड़ेंगे नहीं। JMB के नेटवर्क को ध्वस्त किया। 2003 में सिमी के लोगों और डकैतों का सफाया कर दिया।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के नेता हैं, उन्हीं के चेहरे पर चुनाव लड़ा जाता है। सुशासन के 9 साल पूरे हुए, उसके लिए विशेष कैंपेन चलाया जाएगा। बैठक में इसमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी डॉ. रामशंकर कठेरिया, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मामला उठाया

कार्यसमिति में राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मामला उठाकर संगठन को सचेत किया। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि चुनावी साल में हमें इन सब बातों को ठीक करते हुए आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है, चाहे वह छोटा या बड़ा। अभी कई जिलों में जिला अध्यक्षों की स्थिति बहुत ही खराब है, वे अपनी कुर्सी से भी नहीं उठते। प्रभारी मंत्रियों को भी आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को महत्व देना जरूरी है। अभी प्रभारी मंत्री हवा की तरह जिलों में जाते हैं और तूफान की तरह वापस चले जाते हैं। कार्यकर्ताओं से मिलने का कोई समय नियत नहीं करते, जिससे कार्यकर्ता उनका रास्ता देखते रहते हैं और मन मारकर रह जाते हैं।

WhatsApp Image 2023 05 19 at 20.28.18

जनसंपर्क अभियान और प्रेस कांफ्रेंस

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि हर लोकसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। सभी जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ पर विशेष कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। 29 मई को पूरे प्रदेश में एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। इनमें पति के केन्द्रीय मंत्री, मंत्री, सांसद, विधायकों के साथ पदाधिकारी मीडिया को केन्द्र सरकार की उपलब्धियां और 2014 के पहले का फर्क बताएंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद नेता शाम को सभी सोशल मीडिया इंफ्लुअर्स के साथ मीटिंग करेंगे और सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे। यह अभियान 30 मई और 31 मई को होगा।

WhatsApp Image 2023 05 19 at 20.34.46

बैठक में 1168 सदस्य शामिल हुए

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित और स्थाई सदस्य, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, लोकसभा एवं राज्यसभा के सदस्य, समस्त विधायक, मोर्चों के राष्ट्रीय पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री, प्रकोष्ठ के संयोजक, विभाग के प्रदेश संयोजक, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, समस्त महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, निगम मंडलों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, आकांक्षी विधानसभा के प्रभारी, विस्तारक सहित विशेष संपर्क अभियान की जिला टोली के संयोजक व सहसंयोजक सहित 1168 सदस्य शामिल हुए।