
Buried the Bike Too : सड़क हादसे में बेटे की मौत के बाद उसके कपड़े, जूते और चश्में के साथ बाइक को भी दफनाया!
Nadiyad (Gujrat) : यहां एक दुखद घटना में 18 साल के युवा क्रिश परमार की मृत्यु हो गई। क्रिश 26 मई को कॉलेज में रजिस्ट्रेशन कराने गया था। लौटते समय उसकी बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। क्रिश अपनी बाइक से बहुत प्यार करता था। परिवार ने उसकी पसंद की सारी चीजों के साथ उसकी बाइक को भी साथ में दफना दिया। नडियाद के पास उत्तर्संडा गांव में एक मार्मिक और अनोखा मामला सामने आया। दरअसल, क्रिश अपनी बाइक से बहुत प्यार करता था। इस फैसले से वहां मौजूद हर किसी की आंख में आंसू आ गए।
क्रिश परमार, संजयभाई सुलेमानभाई परमार का इकलौता बेटा था। उसने हाल ही में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और आगे BCA की पढ़ाई करने की तैयारी कर रहा था। 26 मई को वह आणंद स्थित कॉलेज में रजिस्ट्रेशन कराने गया था। लौटते समय रात करीब 8 बजे उसकी बाइक एक ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि क्रिश को गंभीर सिर और शारीरिक चोटें आईं।
उसे लांभवेल रोड के एक मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की। मगर 12 दिन तक जीवन और मौत के बीच जूझने के बाद क्रिश ने दम तोड़ दिया। क्रिश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। लेकिन, इस दुःख की घड़ी में भी परिवार ने उसकी अंतिम इच्छा और पसंद का सम्मान किया। अंतिम संस्कार के दौरान न केवल उसके कपड़े, जूते और चश्मे को उसके साथ दफनाया गया, बल्कि उसकी प्रिय बाइक को भी कब्र में रखा गया।
बाइक को दफनाने की वजह
क्रिश के पिता संजयभाई परमार ने बताया कि उसका बाइक चलाने का जुनून बहुत गहरा था। हमारे पास कार भी थी, लेकिन वह हमेशा बाइक से ही घूमना पसंद करता था। हम चाहते थे कि उसकी वह पसंदीदा चीजें मरने के बाद भी उसके साथ रहें। इसलिए हमने उसकी बाइक को भी उसके साथ दफनाया। गांववालों और रिश्तेदारों ने भी इस अद्वितीय विदाई को बेहद भावुक और मार्मिक बताया। बहुत से लोगों की आंखें उस समय नम हो गईं, जब क्रिश की बाइक को उसकी कब्र में रखा गया।





