Bus Accident : इंदौर से छतरपुर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 4 की मौत, 20 से ज्यादा घायल!

सागर के पास निवार घाटी में बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई!   

574

Bus Accident : इंदौर से छतरपुर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 4 की मौत, 20 से ज्यादा घायल!

Sagar : इंदौर से छतरपुर जा रही निजी बस सर्विस की स्लीपर बस पलटने से एक महिला समेत 4 यात्रियों की मौत हो गई। महिला की पहचान अनामिका (35) पति अभिषेक सोनी के रूप में हुई। दुर्घटना में 22 अन्य यात्री घायल हुए। दुर्घटना के समय स्लीपर बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही बंडा, शाहगढ़, छानबीला थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कराया गया।

गोल्डन ट्रैवल्स की बस (MP16-P1286) शनिवार को इंदौर से सवारियां लेकर छतरपुर जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 6 बजे छानबीला थाना क्षेत्र में निवार घाटी के मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। उन्हें एंबुलेंस की मदद से शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

 

महिला समेत 4 यात्रियों की मौत

बस दुर्घटना में गंभीर चोट लगने से एक महिला, दो युवक और एक अधेड़ यात्री की मौत हुई है। पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है। मृतकों की शिनाख्त के लिए पुलिस जानकारी जुटा रही है। बंडा एसडीओपी शिखा सोनी ने बताया कि बस दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत हुई है। मामले में बस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में एक महिला की पहचान राजनगर (छतरपुर) की अनामिका (35) पति अभिषेक सोनी के रूप में हुई है।

बस हादसे के बाद कुछ यात्री बस के अंदर ही फंसे रह गए। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने हाइड्रा व जेसीबी मशीन की मदद से पलटी बस को सीधा करवाया। अंदर फंसे कुछ यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए दलपतपुर से एक, शाहगढ़ से तीन और बंडा से एक एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। यात्रियों का शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।