मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने अर्पित किए पं.दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन

318

मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने अर्पित किए पं.दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन

भोपाल। एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि को प्रदेश के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने समर्पण दिवस के रूप में मनाया। भोपाल के लालघाटी चौराहे पर पं. दीनदयाल जी की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं ने अपनी सहयोग निधि का समर्पण किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ दीनदयालजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।

 

एकात्म मानव दर्शन को जमीन पर उतारने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया : शिवराजसिंह चौहान

पं. दीनदयाल उपाध्याय ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का भाव रखते हुए सबके प्रगति और विकास के लिए एकात्म मानववाद का सृजन किया। उनके विचारो के अनुरूप प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेकौ जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई है। रोटी, कपडा, मकान, पढाई, दवा और रोजगार यह उसी एकात्म मानववाद से निकले विचार है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास यही एकात्म मानव दर्शन है, जिसको जमीन पर उतारने का काम देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कर रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित समर्पण दिवस कार्यक्रम में कही।

श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने जी-20 की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ रखी, जिसका अर्थ है सारी दुनिया एक परिवार है। प्रधानमंत्री जी ने कहा कि ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ यह एकात्म मानव दर्शन है जिस पर भारतीय जनता पार्टी काम कर रही है। सबका कल्याण हो, सब निरोगी हों, सभी सुखी हों और हमारा देश पूरी दुनिया को मार्ग दिखाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का पूरा खर्चा कार्यकर्ताओं की खून-पसीने की कमाई से चलता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी सहित हम सभी कार्यकर्ता नमो एप के माध्यम से समर्पण निधि समर्पित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी एक आदर्श पार्टी है, जो स्वयं अपने कार्यकर्ताओं द्वारा दी गई समर्पण निधि से पार्टी के कार्यों को करती है।

 

पं. उपाध्याय जी के विचार पर चलकर पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी : विष्णुदत्त शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि हम सभी के श्रद्धा और आदर्श के केंद्र पं. दीनदयाल उपाध्याय ने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के लिए एक ऐसा दर्शन दिया, जिसके आधार पर चलकर आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। राजनीतिक दल बनने के बाद भारत भर में आज पंच-सरपंच से लेकर देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। पार्टी के कार्यकर्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानव दर्शन व अंत्योदय के विचार को प्रतिपादित करने का काम कर रहे हैं। पं. उपाध्याय जी ने जो विचार दिया उसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी के नेतृत्व में प्रदेश में हर गरीब का जीवन बदलने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही हैं। भाजपा लगातार पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों पर कार्य कर रही है।

श्री शर्मा ने कहा कि आज समर्पण का दिन है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूरे देश में अपने संगठन को सुचिता के साथ आर्थिक दृष्टि से और संगठन को अपने बल पर चला रहे हैं। विशेष तौर पर राजनीतिक दल में यह पद्धति विकसित करने का काम पार्टी ने किया है। पं. दीनदयाल जी की पुण्यतिथि के अवसर पर हम सभी कार्यकर्ता समय के समर्पण के साथ ही अर्थ का समर्पण भी करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आज पं. दीनदयाल जी की पुण्यतिथि के अवसर पर संकल्प के साथ समर्पण करें एवं उनकी बताई पद्धति व विचार पर चलकर कार्य करने का प्रयास करें, जिससें हम संगठन कार्य के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के साथ ही आगामी सभी अभियानों में एतिहासिक सफलता प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री श्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, भोपाल जिला अध्यक्ष श्री सुमित पचौरी, विधायक रामेश्वर शर्मा, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री दर्शन सिंह चौधरी, पूर्व विधायक श्री सुरेंद्र नाथ सिंह, श्री रमेश शर्मा गुटू भैया, श्री सुरजीत सिंह चौहान, श्री जगदीश यादव, श्री अशोक सैनी, श्री अनिल अग्रवाल, श्री मनोज राठौर, श्री राम बंसल, श्री सतीश विश्वकर्मा, श्री किशन सूर्यवंशी, श्री इंद्रजीत सिंह राजपूत, श्री राहुल राजपूत, श्री राजेन्द्र गुप्ता, श्री अजय पाटीदार, श्री दिव्य ऋषि तिवारी, श्री विवेक चौरसिया, श्री प्रवीण प्रेमचंदानी, श्री देवेंद्र योगी, श्री मलखान सिंह, श्री उत्कर्ष नायक, श्री गीता माली, श्री चेतन भार्गव, श्री देवेंद्र भार्गव, श्री राशिद खान, श्री राजेश, श्रीमती विभा गरुण, श्री गौरव गुप्ता, श्री विकास सोनी, श्री शैलेश साहू, श्री संजय जैन, श्रीमती रुकमणी मालवीय, श्री राजेश हिंगोरानी, श्री अजय शर्मा, श्री योगेश वासनिक, श्री सूरज यादव, श्री राधे महाराज, श्री अभिषेक पुरोहित सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।