Teach a Lesson to Congress : CM ने कहा ‘मंदिर का लोकार्पण ठुकराने वालों को चुनाव में सबक सिखाएं!’ 

कारसेवकों पर गोलियां चलाने वालों की कांग्रेस ने पीठ थपथपाई! कारसेवकों पर गोलियां चलाने वालों की कांग्रेस ने पीठ थपथपाई

191

Teach a Lesson to Congress : CM ने कहा ‘मंदिर का लोकार्पण ठुकराने वालों को चुनाव में सबक सिखाएं!’ 

भिंड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट

 

भिंड। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज भिंड पहुंचे। यहां पर 17 बटालियन स्थित हेलीपैड से एमजेएस ग्राउंड पर स्थित राजीव गांधी स्टेडियम तक उन्होंने रोड शो कर जनता का अभिवादन किया। इस दौरान जगह-जगह मुख्यमंत्री के सम्मान में लोगों ने पुष्प वर्षा की। मुख्यमंत्री भी लोगों पर फूल बरसाते नजर आए। कई जगह पर बुलडोजर के माध्यम से भी मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा की गई। एक समर्थक ने उन्हें चांदी का मुकुट और सुदर्शन चक्र पहनाकर कृष्ण रूप में ला दिया।

रोड शो के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राजीव गांधी स्टेडियम में पहुंचकर 194 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि एवं फसल बीमा राशि प्रदान की। मंच से बोलते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ में कसीदे पढ़े, तो वहीं दूसरी ओर उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा एक भैया पैदल पैदल घूम रहे हैं उनकी पार्टी ने पहले तो भगवान राम का विरोध किया, उनके जन्मस्थान का विरोध किया और अब कहते हैं कि राम आपके ही नहीं राम हमारे भी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे और तुम्हारे राम में यह अंतर कि हम तो जय श्रीराम करके कार सेवा आंदोलन करने गए और तुम्हारे साथियों ने गोलियां चलवाईं और कांग्रेस ने उनकी पीठ थपथपाई। बड़ी मुश्किल से सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रधानमंत्री भूमि पूजन करने गए उसमें आप नहीं आए। अगर कोई निमंत्रण देता है तो क्या मुंह पर मना किया जाता है? लेकिन, कांग्रेस के लोगों ने हिन्दू समाज की भावनाओं का अपमान किया।

केवल हिन्दू ही नहीं भगवान राम के मंदिर का शिलान्यास हुआ और फिर लोकार्पण हुआ तो हिन्दू क्या मुसलमान और ईसाई समेत पूरा देश एकजुटता के साथ खड़ा रहा। लेकिन, इन अभागों ने भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का न्योता भी ठुकराया। मैं जानता हूँ जो हमारे धर्म का अपमान कर, हमारे देवी देवताओं का अपमान करे, हमारे साधु संतों का अपमान करे, क्या आप मान सकते हैं उनका सम्मान होगा।

इस दौरान उन्होंने लोकसभा के लिए वोट मांगते हुए सभी लोगों को खड़ा कर मुट्ठी बांधकर संकल्प कराया कि हमारे देवी देवताओं का अपमान करने वालों को मौका नहीं दें। सारा हिसाब चुकता करें। लोकतंत्र के अंदर हमको कोई डंडा, बंदूक, गोली लेकर जाने की जरूरत नहीं है, इधर आपने बटन दबाया उधर अपना हिसाब अपने आप चुकता हो गया।