
CM A+ Cases: 821 नोटशीट हो रही थी इधर-उधर, CM की सख्ती से अधिकारियों में हड़कंप, देर रात तक जारी होते रहे आदेश
भोपाल: CM A+ Cases: मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा समय-समय पर CM A+ मामलों से जुड़ी कई नोट शीट पिछले महीनों में विभिन्न विभागों को भेजी गई थी। नियम अनुसार इन नोट शीट पर 15 दिन में आदेश हो जाना चाहिए। मुख्यमंत्री कार्यालय को जब यह पता चला कि इन नोट शीट पर निर्धारित अवधि के पश्चात भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है तो उन्होंने इसकी पड़ताल की। पता लगा कि अधिकारियों द्वारा इन्हें गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है और यहां वहां भेजा जा रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऐसी 821 नोटशीट पिछले दो महीने से लंबित पड़ी हुई थी जिन पर कोई आदेश जारी नहीं किये गए।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इसी मामले को लेकर कल सारे अधिकारियों को तलब किया। बैठक में यह सवाल किया गया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से लिखी ए-प्लस की नोटशीट पर अधिकतम 15 दिनों में निर्णय लेना होता है लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। बताया गया है कि ए-प्लस की ऐसी 821 से अधिक नोटशीट दो माह से विभिन्न विभागों में धूल खा रही हैं। एसीएस, पीएस इन पर निर्णय लेने की बजाए एक से दूसरे विभागों को भेज रहे हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ए, ए प्लस की नोट शीट और घोषणाओं के पालन की समीक्षा करने के दौरान इस पर सख्ती दिखाई। प्रजेंटेशन बीच में रुकवाकर पूछा ये आदेश जारी क्यों नहीं हो रहे है, ये काम क्यों अटक हुए है!
CM की सख्ती से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीएम डॉ मोहन यादव ने सभी संबंधित विभागों के अफसरों से कहा कि नोटशीट पर आज ही रात आदेश जारी हो जाना चाहिए। सीएम के सख्त रुख से अधिकारी घबरा उठे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अधिकारी मंत्रालय में बैठकर देर रात तक A + मामलों के आदेश जारी करते रहे।





