Congress President Election : कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव 17 अक्टूबर को! 

अधिसूचना जारी, नामांकन, मतदान और नतीजे की तारीखों की घोषणा

465

Congress President Election : कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव 17 अक्टूबर को! 

New Delhi : कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके साथ ही देश के सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष पद पर बैठने वाले व्यक्ति को चुनने की औपचारिक शुरुआत हो गई। पार्टी के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाले केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण ने यह अधिसूचना जारी की।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना जारी होने के बाद अब नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

मुकाबले में दो नाम, तीसरे पर असमंजस  

बुधवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर के चुनावी समर में उतरने का स्पष्ट संकेत देने के बाद यह संभावना प्रबल हो गई है कि 22 साल बाद देश की सबसे पुरानी पार्टी का प्रमुख चुनाव के जरिए चुना जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी मैदान में उतरने के संकेत दिए है। वे राहुल गांधी के साथ यात्रा बीच में छोड़कर आज दिल्ली भी आए। समझा जा रहा है कि वे धमाका कर सकते हैं।

अशोक गहलोत ने कहा कि वे पार्टी का फैसला मानेंगे। लेकिन, उससे पहले राहुल गांधी को अध्यक्ष बनने के लिए मनाने का एक आखिरी प्रयास करेंगे। दूसरी तरफ, पहले से ही चुनाव लड़ने का संकेत दे रहे लोकसभा सदस्य शशि थरूर ने बुधवार को कांग्रेस के मुख्यालय में पहुंचकर पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात की और नामांकन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की।