Congress President Election : शशि थरूर के चुनाव लड़ने आसार, सोनिया ने हरी झंडी दी!

सोनिया ने आश्वस्त किया 'चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होंगे'

552
Congress President Election: Shashi Tharoor likely to contest elections, Sonia gave green signal!

New Delhi : कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की। सोनिया गांधी ने स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव पूरी तरह से पारदर्शी चुनाव होगा। जिसको भी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ना है, वह मैदान में उतर सकता है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि इस दौरान पूरी तरह से निष्पक्षता बरती जाएगी। माना जा रहा है कि इसके बाद थरूर कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में उतरने को तैयार हैं।

इससे कुछ दिन पहले शशि थरूर ने अध्यक्ष पद के चुनाव में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए थे। थरूर से मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी ने उन्हें आश्वस्त किया कि चुनाव पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष होंगे। माना जा रहा है सोनिया से आश्वासन मिलने के बाद थरूर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इससे पहले कांग्रेस कह चुकी थी कि पार्टी अध्यक्ष पद के लिए कोई भी दावेदारी कर सकता है। हालांकि, इसके लिए उसे कम से कम 10 डेलीगेट्स का समर्थन चाहिए होगा।

पहले भी कई कांग्रेस सांसद अध्यक्ष की चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर चुके हैं। इसको लेकर पांच कांग्रेस सांसदों ने कांग्रेस के आंतरिक चुनाव पैनल के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री को पत्र लिखा था। इस पत्र में सभी मतदाताओं और कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने में समर्थ उम्मीदवारों को पीसीसी डेलीगेट्स की लिस्ट देने की मांग की गई थी। 6 सितंबर को यह संयुक्त पत्र लोकसभा सांसद शशि थरूर, मनीष तिवारी, कार्ति चिदंबरम, प्रद्युत बोरडोलोई और अब्दुल खलीक ने लिखा था। इसमें पूछा गया था कि यह लिस्ट उपलब्ध कराई जाए, जिससे स्पष्ट हो सके कि उम्मीदवारों को नॉमिनेट करने और वोट देने के अधिकारी कौन हैं।