
मालवा-निमाड़ में कांग्रेस का संगठन मिशन, प्रदेश प्रभारी 4 दिन बूथ से लेकर विधानसभा तक टटोलेंगे ताकत
भोपाल: मध्यप्रदेश में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी रणनीति के तहत प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी 2 से 5 जून तक मालवा-निमाड़ अंचल के चार जिलों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे और बूथ स्तर तक पार्टी ढांचे को सक्रिय बनाने की योजना पर काम करेंगे। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि सत्ता तक पहुंचने की लड़ाई केवल बड़े नेताओं के दम पर नहीं, बल्कि मजबूत बूथ नेटवर्क और सक्रिय कार्यकतार्ओं के सहारे लड़ी जा सकती है। यही वजह है कि दौरे का फोकस जिला, विधानसभा, ब्लॉक और मंडल स्तर के पदाधिकारियों पर रखा गया है।
बूथ से विधानसभा तक होगा संगठन का रिपोर्ट कार्ड
चार दिवसीय दौरे में हरीश चौधरी नीमच, मंदसौर, रतलाम और उज्जैन में जिला समन्वय समितियों, विधानसभा प्रभारियों और ब्लॉक-मंडल अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन की सक्रियता, स्थानीय मुद्दों, कार्यकतार्ओं की भूमिका और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व बूथ स्तर पर संगठन की वास्तविक स्थिति जानने और निष्क्रिय इकाइयों को फिर से सक्रिय करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
प्रशिक्षण शिविरों के जरिए कार्यकतार्ओं को मिलेगा नया रोडमैप
इस दौरान ब्लॉक, मंडल और नगर अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, सोशल मीडिया गतिविधियों और विपक्ष की भूमिका को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
कांग्रेस का उद्देश्य कार्यकतार्ओं को सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर उन्हें क्षेत्रीय मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है।
मालवा-निमाड़ पर खास फोकस क्यों?
राजनीतिक दृष्टि से मालवा-निमाड़ क्षेत्र को मध्यप्रदेश की सत्ता का अहम केंद्र माना जाता है। प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर इस क्षेत्र का सीधा प्रभाव पड़ता है। ऐसे में कांग्रेस यहां संगठनात्मक मजबूती को आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा मान रही है।
चार दिन, चार जिले और दर्जनों बैठकें
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 जून को नीमच, 3 जून को मंदसौर, 4 जून को रतलाम और 5 जून को उज्जैन में बैठकें और प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, ब्लॉक और मंडल पदाधिकारी भी शामिल होंगे।





