Container Home : जल महोत्सव के लिए हनुवंतिया में कंटेनर होम बनाए

बाहर से डिब्बे की तरह नजर आएगा, अंदर यह शाही कमरे की तरह होगा

1469

Indore : खंडवा जिले के पर्यटन स्थल हनुवंतिया में जल महोत्सव (Jal Mahotsav) की तैयारियां शुरू हो गई। इस महोत्सव में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।

आने वालों को यहां रुकने में कोई परेशानी न हो, इसलिए चलित कंटेनर होम बढ़ाए जा रहे है। फिलहाल हनुवंतिया में पर्यटन विकास निगम के पास 10 ही कमरे हैं।

अधिकारियों के मुताबिक एक कंटेनर होम एक लाख रुपए में बनकर तैयार होगा। करीब 10 कंटेनर होम्स (Container Home) लगाए जाएंगे, जिसमें सभी सुविधाएं पर्यटकों को मिलेंगी।

हनुवंतिया में लगाए जाने वाले कंटेनर होम्स में बाथरूम, एसी, लाइट, पलंग, सोफे, टेबल आदि की सुविधा पर्यटकों को मिलेगी।

यह कंटेनर होम बाहर से डिब्बे की तरह नजर आएगा, लेकिन अंदर से यह एक शाही कमरे की तरह रहेगा। कंटेनर होम्स में ट्रॉली सिस्टम भी रहेगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार किसी अन्य जगह पर भी रखा जा सकेगा।

पर्यटन विकास निगम के रीजनल मैनेजर एनके स्वर्णकार के मुताबिक हनुवंतिया में जल महोत्सव में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।

WhatsApp Image 2022 05 31 at 2.44.56 PM

इसे देखते हुए यहां कंटेनर होम्स लगाने की तैयारी की जा रही है। इनमें सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि पर्यटकों को दिक्कत न हो।

पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन विभाग लगातार कार्य कर रहा है।

ईद के मौके पर हनुवंतिया में फूड फेस्टिवल आयोजित किया गया था। अब यहां कंटेनर होम्स लगाने की तैयारी है। कंटेनर होम पर्यटकों को काफी आकर्षित करते हैं।

यह स्थान खंडवा जिले के हनुवंतिया टापू पर है। यह टापू चारों तरफ से समुद्र की तरह फैले नर्मदा के बैक वाटर से घिरा हुआ है। दुनियाभर में यह स्थान सबसे बड़े मानव निर्मित टापू के रूप में विख्यात है।

20 करोड़ से अधिक की लागत से बने एमपी टूरिज्म के कॉटेज से मीलों दूर से आ रही लहरों को देखने के लिए हर साल देशभर से लोग यहां आते हैं।