WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

एमपी में क्षेत्रवार पर्यावरण सांख्यिकी का रोडमैप होगा तैयार, मुख्य सचिव करेंगे मानीटरिंग

25

एमपी में क्षेत्रवार पर्यावरण सांख्यिकी का रोडमैप होगा तैयार, मुख्य सचिव करेंगे मानीटरिंग

भोपाल: मध्यप्रदेश में क्षेत्रवार पर्यावरण साख्यिकी लेखांकन खातों के व्यवस्थित संधारण के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। प्रदेश में प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण आर्थिक लेखों के डेटा के सुगम आदान प्रदान तथा संकलन कार्य में बेहतर समन्वय किया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग जैन खुद इसकी मानीटरिंग करेंगे।

मध्यप्रदेश के सभी जिलों में किस तरह का पर्यावरण है। वहां और क्या जरुरत है। पर्यावरण किन फसलों के उत्पादन के अनुकूल है। पर्यावरण में सुधार लाने के लिए और क्या किया जाना है इस पर अब कई विभाग मिलकर काम करेंगे। विभागों के बीच पर्याप्त समन्वय हो और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए जिस विभाग की जो जिम्मेदारी है वह विभाग पूरी करे इसके लिए मुख्य सचिव अनुराग जैन खुद मानीटरिंग करेंगे।

मध्यप्रदेश में पर्यावरण सांख्यिकी की कार्य प्रणाली और अवधारणाओं के विकास को लेकर भी काम किया जाएगा। इसके लिए पंद्रह अफसरों के एक अंतरविभागीय समूह का गठन किया गया है। इसमें कृषि उत्पादन आयुक्त के अलावा नौ अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव शामिल रहेंगे। इनमें योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, वन, जलसंसाधन, पर्यावरण, खनिज, पशुपालन एवं डेयरी, उर्जा, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण, मछुआ कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव शामिल रहेंगे। इसके अलावा सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय भारत सरकार के प्रतिनिधि, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं सदस्य सचिव मध्यप्रदेश जैव विविधता बोर्ड, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष और आर्थिक एवं साख्यिकी संचालनालय के आयुक्त शामिल रहेंगे।

ये सभी अधिकारी मिलकर पर्यावरण से संबंधित सांख्यिकी कार्य हेतु संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे। पर्यावरण सांख्यिकी लेखों का संकलन, डेटा की उपलब्धता का आंकलन, डेटा अंतराल की पहचान करने और डेटा अंतराल को भरने के लिए उपायों की सिफारिश भी करेंगे।

पर्यावरण सांख्यिकी लेखांकन के कार्यान्वयन के लिए संसाधन आवश्यकता और क्षमता विकास का आंकलन भी यह समूह करेगा। क्षेत्रवार पर्यावरण सांख्यिकी लेखांकन खातों के व्यवस्थित संधारण के लिए रोडमैप का सुझाव भी यह समूह तैयार करेगा।