WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Contractors Not Ready to Work with Corporation : निगम ने पांच बार टेंडर जारी किए, नहीं मिल रहे कोई ठेकेदार!

नगर निगम की कंगाली हालात के कारण ठेकेदार बना रहे दूरी, पेमेंट नहीं मिल रहा!

WhatsApp Image 2024 03 08 At 9.33.07 AM

Contractors Not Ready to Work with Corporation : निगम ने पांच बार टेंडर जारी किए, नहीं मिल रहे कोई ठेकेदार!

Indore : नगर निगम की आर्थिक हालत ख़राब होने के कारण ठेकेदारोन ने निगम से दूरी बना ली हैं। यही कारण है कि चार से पांच बार टेंडर जारी करने के बाद भी निगम को उसके कार्य करवाने के लिए ठेकेदार नहीं मिल रहे हैं। आर्थिक बदहाली के कारण ही ठेकेदारों ने अब निगम के कार्यों में रुचि दिखाना ही बंद कर दिया है।

हाल ही में निगम के विद्युत विभाग द्वारा जारी की गई एनआईटी में भी देखने को मिला। इसमें निगम का कार्य करवाने के लिए पांचवीं बार टेंडर जारी करने पड़े। अन्य कार्यों के लिए भी दूसरे और तीसरी बार टेंडर जारी किए गए हैं। जानकारी अनुसार निगम के विद्युत विभाग ने झोन 6 के वार्ड 24 में कुलकर्णी नगर माली धर्मशाला के पास से रोड बनाने के लिए बाधक विद्युत पोलों को शिफ्ट करने के लिए एनआईटी जारी की है। यह एनआईटी पांचवीं बार जारी की गई है।

इसका मतलब साफ है कि पूर्व में चार बार निगम को कार्य करने के लिए ठेकेदार नहीं मिले हैं। शायद यही कारण है कि एक ही कार्य को करवाने के लिए पांचवीं बार एनआईटी जारी करना पड़ी है। निगम अधिकारी कुछ भी बहाना बना रहे हो, लेकिन सही जानकारी यही है कि आर्थिक हालत ठीक नहीं होने के कारण ठेकेदारों को भुगतान नहीं मिल पा रहा है इसलिए वे निगम के कार्य करना नहीं चाहते।

कार्य नहीं होने के कारण परेशानी
निगम की हालत ठीक नहीं होने से जन सुविधा के काम नहीं हो रहे हैं। इसका कारण यह है कि निगम ठेकेदारों को समय पर भुगतान नहीं कर पा रहा। इसलिए ठेकेदार निगम से दूरी बना रहे हैं। कार्य नहीं होने के कारण शहर वासियों को परेशान होना पड़ रहा है, जबकि वे समय पर निगम टैक्स का भुगतान कर रहे हैं।

अन्य कार्यों की भी यही हालत
ऐसा नहीं है कि उपभोक्ता नहीं होने से सिर्फ विद्युत विभाग के कार्य ही रुके हों। अन्य कई विभागों के कार्य भी ठेकेदारों को समय पर भुगतान नहीं होने से रुके हुए हैं। कुछ समय पूर्व निगम के सबसे बड़े ठेकेदार अमरजीत सिंह भाटिया उर्फ पप्पू भाटिया ने तो निगम से भुगतान नहीं होने के कारण आत्महत्या कर ली थी। उसके बाद तो निगम की आर्थिक हालात बिगड़ने के कारण निगम कार्य और बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।