Daytime Energy Usage Discount : जहां बिजली का स्मार्ट मीटर लगा, वहां दिन की ऊर्जा खपत पर 20% तक छूट मिलेगी!

944

Daytime Energy Usage Discount : जहां बिजली का स्मार्ट मीटर लगा, वहां दिन की ऊर्जा खपत पर 20% तक छूट मिलेगी!

10 किलोवाट तक लोड वाले उपभोक्ताओं को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक की ऊर्जा खपत पर राहत!

Bhopal : मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी घोषणा की है। कंपनी ने बताया है कि घरेलू, गैर-घरेलू, सार्वजनिक जल कार्य, स्ट्रीट लाइट और निम्नदाब औद्योगिक श्रेणियों के उपभोक्ताओं को दिन में ऊर्जा खपत पर विशेष छूट दी जाएगी। यह छूट सोलर ऑवर यानी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की अवधि में खपत की गई बिजली पर लागू होगी।

कंपनी के अनुसार, इन आठ घंटों के भीतर उपभोग की गई बिजली की यूनिट पर सामान्य दर से 20% तक की छूट दी जाएगी। यह प्रोत्साहन केवल स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को ही मिलेगा और इसकी गणना किसी भी सरकारी सब्सिडी को छोड़कर की जाएगी।

यह योजना 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड या अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं पर ही लागू होगी। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को दिन में बिजली खपत के लिए प्रेरित करना है ताकि ग्रिड पर शाम के समय पड़ने वाले लोड को संतुलित किया जा सके और अक्षय ऊर्जा (विशेषकर सौर ऊर्जा) के उपयोग को बढ़ावा मिले। इस निर्णय से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में सीधी राहत मिलेगी।